2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में मुक्केबाज शामिल, आईओसी बोर्ड से मंजूरी मिली
2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक गेम्स में मुक्केबाजी को शामिल कर लिया गया है। आईओसी कार्यकारी बोर्ड ने मंगलवार से शुरू हो रहे 144वें सत्र से पहले इसे मंजूरी दे दी। आईओसी ने पिछले महीने विश्व मुक्केबाजी को अस्थायी मान्यता दे दी थी, जिससे अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ को दरकिनार करके नयी नियामक ईकाई को अधिकार सौंपे। टूर्नामेंट में क्रिकेट को पहले ही शामिल किया जा चुका है।

ऐसे में इस बार भारत के पदकों की संख्या बढ़ सकती है। आईओसी के 18 से 21 मार्च तक चलने वाले सत्र में थॉमस बाक की जगह नए अध्यक्ष का भी चुनाव होगा। टूर्नामेंट में मुक्केबाजी को शामिल करने के कार्यकारी बोर्ड के फैसले को मंजूरी भी मिलेगी। बाक ने कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद कहा, ‘‘फरवरी में विश्व मुक्केबाजी को अस्थायी मान्यता मिलने के बाद हम यह फैसला लेने की स्थिति में थे। सत्र में इसे मंजूरी के लिए रखा जाएगा और मुझे यकीन है कि इसे मंजूरी मिल जाएगी।
दुनिया भर के मुक्केबाज लॉस एंजिलिस ओलंपिक खेल सकेंगे। अगर उनके राष्ट्रीय महासंघ को विश्व मुक्केबाजी से मान्यता मिली हुई है।’’ आईओसी की देखरेख में टोक्यो ओलंपिक 2020 और पेरिस ओलंपिक 2024 की मुक्केबाजी स्पर्धायें हुई थीं। लंबे समय से संचालन संबंधी मसलों और मुकाबलों की निष्पक्षता पर सवाल उठने के बाद 2023 में आईबीए की मान्यता रद्द हुई थी।
विश्व मुक्केबाजी अध्यक्ष बोरिस वान डेर वोर्स्ट ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा, ‘‘यह ओलंपिक मुक्केबाजी के लिए काफी अहम फैसला है और ओलंपिक कार्यक्रम में खेल को बहाल करने के करीब ले जाने वाला है। मैं आईओसी के कार्यकारी बोर्ड को धन्यवाद देता हूं।’’