शुरुआती बढ़त के बावजूद हारा एफसी गोवा, रेगर-तादाज़ ने आखिरी मिनटों में दागे दो गोल
भारतीय फुटबॉल क्लब एफसी गोवा शुरुआती बढ़त का फायदा नहीं उठा सका और उसे एएफसी चैलेंज लीग 2026-27 के ग्रुप सी के पहले मुकाबले में ताजिकिस्तान के एफसी रेगर-तादाज़ से 1-2 से हार मिली।
एआईएफएफ सुपर कप विजेता गोवा ने शानदार शुरुआत की। चिकी ने खेल के सातवें मिनट में ही गोल करके उसे बढ़त दिलाई थी। चिकी को बॉक्स के अंदर गेंद मिली और उन्होंने बिना किसी समस्या के सेवरिन ताकाम को छकाकर गोल दाग दिया।
रेगर-तादाज़ ने गोल करने के कुछ अच्छे मौके बनाए लेकिन वह एफसी गोवा गोलकीपर बॉब जैक्सन को नहीं छका पाए। टीम 85 मिनट तक बढ़त पर थी। रेगर-तादाज़ ने प्रयास जारी रखे और 85वें मिनट में अब्दुरखमन नोज़िमोव के पास पर फरीदुन दावलतोव ने उसकी ओर से बराबरी का गोल किया।

इन्हीं दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर 90वें मिनट में निर्णायक गोल दागा। नोज़िमोव के कॉर्नर किक पर दावलतोव ने हेडर से गोल किया। एफसी गोवा का अगला मुकाबला मंगलवार को बांग्लादेश के फोर्टिस एफसी से होगा।