Trending

शिवा शर्मा हत्याकांड: वांटेड मॉडल श्रद्धा दुबे के नेपाल भागने की आशंका, बहराइच बॉर्डर पर लावारिस मिली कार

सरिता त्रिपाठी

लखनऊ के करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के मामले में आरोपी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे पुलिस की पकड़ से बाहर है। घटना के 6 दिन बाद उसकी कार बहराइच के रुपईडीहा बॉर्डर पर मिलने से नेपाल भागने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

राजधानी लखनऊ में 28 वर्षीय करोड़पति बिजनेसमैन शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। घटना के 6 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं और मुख्य आरोपी लिव-इन पार्टनर मॉडल श्रद्धा दुबे अब भी फरार है। लखनऊ में बालू अड्डा के पास स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल के फ्लैट की बालकनी से फेंककर शिवा की हत्या करने का गंभीर आरोप श्रद्धा दुबे पर लगा है। अब बहराइच के रुपईडीहा में नेपाल बॉर्डर के पास श्रद्धा की कार लावारिस हालत में बरामद हुई है, जिससे उसके अपनी बहन रशिम दुबे और दोस्त आमिर के साथ नेपाल भागने की पुख्ता आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ पुलिस ने श्रद्धा, उसकी बहन रशिम, दोस्त आमिर और ड्राइवर दानिश के खिलाफ 25-25 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है।

शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा पर कई गंभीर और रोंगटे खड़े कर देने वाले आरोप लगाए हैं। रंजना शर्मा के अनुसार, श्रद्धा ने उनके बेटे को कई दिनों से बंधक बना रखा था और वह लंबे समय से उसे प्रताड़ित तथा ब्लैकमेल कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धा शिवा को सिगरेट से जलाती थी। खौफनाक बात यह है कि मौत के वक्त शिवा सिर्फ अंडरवियर में थे, उनके चेहरे पर लिपस्टिक के ढेर सारे निशान थे और शरीर पर कई गहरी चोटें थीं। मां की शिकायत और पारिवारिक आरोपों के आधार पर पुलिस ने श्रद्धा और उसके साथियों के खिलाफ ब्लैकमेल व मारपीट की एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है, लेकिन अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

शिवा शर्मा लखनऊ में ‘वंदे मातरम चिकन’ नाम की कपड़ों की दुकान और ‘आंगन’ नाम का एक रेस्टोरेंट चलाते थे। वहीं, उनकी गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे एक हाई-प्रोफाइल सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मॉडल है, जिसके इंस्टाग्राम पर 141K फॉलोअर्स हैं। श्रद्धा कई म्यूजिक एल्बम में नजर आ चुकी है और वह लखनऊ के अलावा जयपुर और दिल्ली में भी स्टेज परफॉर्मेंस कर चुकी है।

मृतक की मां रंजना का यह भी आरोप है कि श्रद्धा के संबंध शिवपाल यादव जैसे बड़े राजनेताओं, सीनियर अफसरों और एस. श्रीसंत जैसे मशहूर क्रिकेटरों से थे। वह अपने इन्हीं हाई-प्रोफाइल संपर्कों का रौब दिखाकर उनके बेटे को अक्सर धमकाती थी। फिलहाल नेपाल बॉर्डर पर कार मिलने के बाद पुलिस ने मामले में जांच का दायरा बढ़ा दिया है, लेकिन 6 दिन बाद भी आरोपियों का पुलिस की गिरफ्त से दूर होना कई सवाल खड़े कर रहा है।