इस बार आईपीएल में धमाल मचाएगी सनराइजर्स हैदराबाद
सनराइजर्स हैदराबाद जब आईपीएल 2025 के लिए मैदान में उतरेंगे, तब उनके साथ 2024 में किए गए यादगार प्रदर्शन भी छाप भी होगी, जब इस टीम की धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए टी20 लीग क्रिकेट में धमाल कर दिया था। आईपीएल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद फाइनल तक पहुंची, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों उन्हें हार मिली।

पिछली बार खिताब हासिल करने से चूकी सनराइजर्स पैट कमिंस की कप्तानी में नए सीजन की नई शुरुआत के लिए तैयार है। न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर डेनियल विटोरी की कोचिंग वाली इस टीम के पास अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन टूर्नामेंट का सबसे खतरनाक बल्लेबाजी क्रम है, जो अपने दिन पर किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धुनाई कर सकता है।
पिछले सीजन में टी20 बल्लेबाजी की नई परिभाषा लिखने वाला यह बैटिंग ऑर्डर इस बार भी गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा लेने के लिए तैयार है। बल्लेबाजी इस टीम की एक बड़ी ताकत है। स्थापित और बड़े हिटर्स के अलावा सनराइजर्स के पास अभिनव मनोहर जैसा तूफानी घरेलू क्रिकेट पावर हिटर भी है, जो लंबे छक्कों के लिए जाना जाता है।
अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड के तूफानी आंकड़े देखकर गेंदबाजों का पसीना छूट सकता है, जिन्होंने आईपीएल 2024 में 50 की औसत के साथ 691 रन बनाए थे। ऐसे ही क्लासेन की स्पिन की बखिया उधेड़ने की क्षमता नैसर्गिक है, जिन्होंने 2022 की शुरुआत से अब तक स्पिन के खिलाफ 163 के स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाए हैं।
इन खिलाड़ियों से एक प्रभावशाली प्लेइंग 11 बन सकती है, लेकिन जब बात बेंच स्ट्रेंथ की आती है, तो कई खिलाड़ियों को आईपीएल में खेलने का अनुभव नहीं है। कामिंदु मेंडिस, वियान मुल्डर, ईशान मलिंगा और अथर्व ताइदे जिनको दुनिया की बड़ी टी20 क्रिकेट लीग में ढलना बाकी है। ऐसे में सनराइजर्स हैदराबाद दुआ करेगी कि उनके प्रमुख खिलाड़ियों को चोट न लगे, क्योंकि उनके पास अच्छे रिप्लेसमेंट नहीं हैं।
हालांकि गेंदबाजी में कप्तान कमिंस और मोहम्मद शमी जैसे दिग्गजों मौजूदगी के बावजूद कुछ कमी महसूस हो सकती है। हर्षल पटेल हालांकि विकेट ले सकते हैं और एडम जांपा ने भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित किया है। राहुल चाहर से भी टीम को उम्मीद होगी। यह गेंदबाज रन गति रोकने में उतने सक्षम नहीं रहे हैं। कमिंस और शमी जैसे बड़े गेंदबाजों के साथ भी रन लीक करने की समस्या रहती है।
गेंदबाजी विभाग टीम का थोड़ा कमजोर पक्ष नजर आता है। हालांकि, मोहम्मद शमी का पावर प्ले गेम जबरदस्त रहा है। उन्होंने चोट के बाद आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भी शानदार वापसी की है। टीम की गेंदबाजी शमी और कमिंस के अनुभव और क्लास के इर्द-गिर्द घूमेगी।
शमी जल्दी विकेट दिला सकते हैं लेकिन यह भी देखना होगा कि वह इस बार रन लीक करने की पुरानी समस्या से निजात पाने के लिए अपनी गेंदबाजी में कैसे परिवर्तन करते हैं। यही स्थिति कमिंस के साथ भी होगी। सनराइजर्स हैदराबाद के पास जबरदस्त पावर हिटिंग वाला बैटिंग ऑर्डर और एक अच्छा गेंदबाजी आक्रमण है। यह टीम आईपीएल 2025 में एक और धमाल के लिए तैयार है। देखना दिलचस्प होगा कि सनराइजर्स हैदराबाद इस संयोजन के साथ इस बार कितना आगे जाते हैं। निरंतरता ही सफलता की कुंजी होगी।
सनराइजर्स हैदराबाद : पैट कमिंस (कप्तान), ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, ईशान किशन, मोहम्मद शमी, हर्षल पटेल, राहुल चाहर, एडम जांपा, अथर्व ताइदे, अभिनव मनोहर, सिमरजीत सिंह, जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट, कामिंदु मेंडिस, अनिकेत वर्मा, ईशान मलिंगा, सचिन बेबी, वियान मुल्डर