विराट कोहली ने जड़ा अर्धशतक, उत्साहित दर्शक ने तोड़ा सुरक्षा घेरा, क्रिकेटर ने ऐसा किया अभिवंदन
आईपीएल का पहला मैच आरसीबी और केकेआर के बीच खेला गया। दर्शकों के लिए टूर्नामेंट का पहला मैच पैसा वसूल साबित हुआ। दोनों टीमों के बीच खेले गए इस मैच में तीन अर्धशतक लगे, जिसमें दो आरसीबी और एक केकेआर से लगाया गया। पहला मैच आरसीबी ने 7 विकेट से जीत दर्ज की है।

मैच में टॉस जीतकर आरसीबी ने गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने मैदान में आई केकेआर की टीम ने धमाकेदार शुरुआत की। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने तूफानी बल्लेबाजी की और 25 गेंदों में 51 रन ठोक डाले।
इस पारी में कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 6 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं सुनील नारायण ने भी 26 गेंदों में 44 रन बनाए, अपनी पारी में सुनील नारायण ने 5 चौके और 3 छक्के लगाए। इस तरह केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी के सामने 175 रनों का लक्ष्य रखा था।
वहीं, 175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम ने शुरुआती ओवर से केकेआर के गेंदबाजों की पिटाई शुरू कर दी। विराट कोहली और फिल सॉल्ट ने शानदार शुरुआत करते हुए अर्धशतक लगाया। विराट कोहली ने आरसीबी की ओर से मैच विनिंग अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 36 गेंदों पर 59 रन की पारी खेली।
इस दौरान कोहली की झलक देखने को फैंस बेकरार थे। एक शख्स सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान पर जा घुसा और भागते हुए किंग कोहली के पैरों में जा गिरा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
विराट कोहली जब बैटिंग कर रहे थे तभी एक अति उत्साहित दर्शक सुरक्षा घेरा तोड़कर उनकी तरफ भागा और उनके पैरों में जा गिरा। इसके बाद उसने कोहली को गले लगाया। बाद में सुरक्षाकर्मी उसे बाहर ले गए।
क्रुणाल पंड्या और जोस हेजलवुड की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद विराट कोहली (नाबाद 59) और फिल सॉल्ट (56) की आक्रामक बल्लेबाजी से रॉयल चैलेंजर्स आरसीबी ने आईपीएल के 18वें सत्र के शुरूआती मुकाबले में मौजूदा चैंपियन केकेआर पर 22 गेंद शेष रहते 7 विकेट से जीत दर्ज की।