Trending

उत्तर प्रदेश क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 28-29 मार्च को

लखनऊ। मेजबान लखनऊ सहित 15 जिलों के 345 खिलाड़ी लखनऊ में शुक्रवार से आयोजित उत्तर प्रदेश क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2025 में दांव पर लगे 52 स्वर्ण पदकों के लिए अपने-अपने वर्गो में चुनौती पेश करेंगे।

साभार : गूगल

52 स्वर्ण पदकों के लिए चुनौती पेश करेंगे 15 जिलों के 345 खिलाड़ी

उत्तर प्रदेश पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन (यूपीएए) के तत्वावधान में होने वाली दो दिवसीय इस चैंपियनशिप का आयोजन चौक स्टेडियम के लालजी टंडन बहुउद्देश्यीय हाल में किया जाएगा। एसोसिएशन के सचिव अनुज तिवारी ने बताया कि चैंपियनशिप के आयोजन का उद्देश्य पावरलिफ्टिंग को बढ़ावा देना और प्रतिभागियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन का मौका देना है।

उन्होंने बताया कि इस चैंपियनशिप में 52 स्वर्ण, 52 रजत व 52 कांस्य पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा होगी। इसमें सीनियर पुरुष व महिला में आठ- आठ वर्गो की स्पर्धाएं होंगी। इसके साथ जूनियर वर्ग में आठ-आठ एवं सब जूनियर वर्ग में आठ-आठ वर्गो की स्पर्धाएं होंगी।

एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष गोविंद पाण्डेय ने बताया कि इस चैंपियनशिप में लखनऊ, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजियाबाद, बलिया, सीतापुर, हाथरस, मेरठ, चंदौली, गाजीपुर, गोरखपुर, महाराजगंज सहित कुल 15 जिलों के 345 खिलाड़ी व 50 आफिशियल प्रतिभाग करेंगे। इस चैंपियनशिप के माध्यम से उत्तर प्रदेश टीम का चयन किया जाएगा जो मई 2025 में रतलाम (मध्य प्रदेश) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

उपाध्यक्ष चंद्रपाल ने बताया कि चैंपियनशिप का उद्घाटन 28 मार्च को सुबह 10 बजे मुख्य अतिथि पीएन द्विवेदी (राज्य सूचना आयुक्त) एवं विशिष्ट अतिथि मनोज (क्षेत्र संपर्क प्रमुख, आरएसएस) के करकमलों द्वारा किया जाएगा। लखनऊ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विनीत बिसारिया ने बताया कि चैंपियनशिप के दौरान जीएस तिवारी गुरुजी, शैलेंद्र श्रीवास्तव, निधि पटेल सहित कई अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों की गरिमामयी मौजूदगी रहेगी।