आईपीएल : आरसीबी की दूसरी जीत, सीएसके को 50 रन से हराया
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 के 8वें मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स को 50 रन से हराया। ये 2008 के बाद एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में आरसीबी की पहली जीत है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 7 विकेट पर 196 रन बनाया था। जवाब में सीएसके 8 विकेट पर 146 रन ही बना पाई। आरसीबी ने इस सत्र में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। सीएसके ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ।
रजत पाटीदार (51), फिल सॉल्ट (32) और टिम डेविड की ताबड़तोड़ पारी (8 गेंद में 22*) के कारण आरसीबी बड़े स्कोर तक पहुंच पाई। जवाब में सीएसके के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
रचिन रविंद्र ने सीएसके के लिए सबसे बड़ी पारी (41) खेली। टीम के लिए नूर अहमद ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जोश हेजलवुड के खाते में 3 विकेट आए। आरसीबी कप्तान पाटीदार ने 32 गेंदों का सामना किया और 51 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 159.38 की रही।
पाटीदार को कई जीवनदान मिले, जिसका उन्होंने फायदा उठाया। यह उनके आईपीएल करियर का 8वां और इस सीजन का पहला अर्धशतक रहा। इस खिलाड़ी ने अब तक कुल 29 आईपीएल मैच में 35.36 की औसत से 884 रन बनाए हैं। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 2,500 टी-20 रन भी पूरे किए।
कोहली 31 रन बनाकर नूर की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने मैच में जैसे ही 5 रन बनाया, वह सीएसके के खिलाफ आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।
उन्होंने पूर्व दिग्गज बल्लेबाज शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ा। धवन ने सीएसके के खिलाफ 29 मैचों की 29 पारियों में 5 बार नाबाद रहते हुए 44.04 की औसत से 1,057 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 131.80 की रही थी।
कोहली के अब 1,053 रन हो गए हैं। नूर ने अपना शानदार फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रखा। उन्होंने 4 ओवर में 36 रन देकर 3 बल्लेबाजों को आउट किया। उनकी इकॉनमी रेट 9 की रही। नूर ने सॉल्ट (32), कोहली (31) और लियाम लिविंगस्टोन (10) को अपना शिकार बनाया।
नूर इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने 2 पारियों में 7.71 की औसत से 7 विकेट झटके हैं। उनकी इकॉनमी रेट 6.75 की रही है।