पूर्व सीएम केजरीवाल की मुसीबतें बढ़ीं, दिल्ली पुलिस ने दर्ज कराई एफआईआर

बीएस राय। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को यहां एक अदालत को सूचित किया कि उसने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अन्य के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी में 2019 में बड़े होर्डिंग लगाकर कथित तौर पर सार्वजनिक धन का दुरुपयोग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा मित्तल के समक्ष दायर अपनी अनुपालन रिपोर्ट में यह दलील दी।

न्यायाधीश ने 11 मार्च को पुलिस को एक शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया, जिसमें संपत्ति विरूपण रोकथाम अधिनियम के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।

पुलिस द्वारा मामले की जांच के लिए समय मांगे जाने के बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 18 अप्रैल के लिए सूचीबद्ध की है।

केजरीवाल के अलावा, अदालत ने पूर्व विधायक गुलाब सिंह और तत्कालीन द्वारका पार्षद नितिका शर्मा के खिलाफ “बड़े आकार के” बैनर लगाने के लिए प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया था।

2019 में दर्ज की गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि केजरीवाल, तत्कालीन मटियाला विधायक गुलाब सिंह (आप) और तत्कालीन द्वारका ए वार्ड पार्षद नितिका शर्मा ने क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर “जानबूझकर बड़े आकार के होर्डिंग लगाकर सार्वजनिक धन का दुरुपयोग किया”।