Trending

केएल राहुल की वापसी से दिल्ली मजबूत, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत की लय को कायम रखना चाहेगी

केएल राहुल की वापसी और लखनऊ सुपर जाइंट्स पर शानदार जीत के साथ आत्मविश्वास से लबरेज दिल्ली कैपिटल्स रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस लय को कायम रखने के इरादे से उतरेगी।

साभार : गूगल

अपने अभियान की शानदार शुरूआत के बाद सनराइजर्स को लखनऊ के हाथों हारी। अब अपने मैदान से बाहर कप्तान पैट कमिंस पर टीम की मोर्चे से अगुवाई का दारोमदार होगा। दिल्ली की टीम राहुल के लौटने से मजबूत हुई है। अपने पहले बच्चे के जन्म के कारण राहुल लखनऊ के खिलाफ पहले मैच से बाहर थे।

चैम्पियंस ट्रॉफी में भारतीय खिताबी जीत के सूत्रधारों में रहे राहुल को दिल्ली कैपिटल्स ने 14 करोड़ रूपये में खरीदा था। अपने अपार अनुभव के बावजूद उन्होंने कप्तानी नहीं करने का फैसला किया और यह जिम्मेदारी अक्षर पटेल को मिली।

एक समय भारत की हर प्रारूप की टीम के अभिन्न अंग माने जा रहे राहुल पिछले साल टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा नहीं थे। वह आईपीएल में भी लखनऊ के साथ प्रभाव नहीं छोड़ सके जिसके बाद टीम ने उन्हें रिलीज किया।

टीम के मालिक संजीव गोयनका के साथ मैदान पर उनकी बातचीत भी वायरल हुई थी। अब नयी टीम के साथ नयी शुरूआत करते हुए वह अपने प्रदर्शन से जवाब देना चाहेंगे।

राहुल ने हाल ही में कहा था ,‘‘ मैं लंबे समय से टी20 टीम से बाहर हूं। मुझे पता है कि बतौर खिलाड़ी मैं कहां हूं और वापसी के लिये मुझे क्या करना है। यह आईपीएल मेरे लिये खोई लय हासिल करके टी20 टीम में वापसी का मौका है।’’

वह दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने से पहले मुंबई में भारतीय सहायक कोच अभिषेक नायर के साथ अभ्यास कर रहे थे। पिछले मैच में संघर्ष करते दिखे दिल्ली के शीर्षक्रम को राहुल की वापसी से स्थिरता मिलेगी।

जीत के लिये 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने पांच विकेट 65 रन पर गंवा दिये थे जिसके बाद आशुतोष शर्मा (31 गेंद में नाबाद 66 रन) और विपराज निगम (39) ने टीम को एक विकेट से जीत दिलाई। ट्रिस्टन स्टब्स ने छठे नंबर पर 34 रन बनाये।

पिछले कुछ सत्रों में दिल्ली करीबी मुकाबले हारी। लखनऊ के खिलाफ करीबी मुकाबले में मिली जीत ने उसके लिये टॉनिक का काम किया होगा। दिल्ली के पास मजबूत गेंदबाजी आक्रमण है जिसकी अगुवाई मिचेल स्टार्क करेंगे और अपने आस्ट्रेलियाई साथी ट्रेविस हेड से उनकी टक्कर देखने लायक होगी।

उनके अलावा कुलदीप यादव और अक्षर भी दिल्ली की गेंदबाजी की कमान संभालेंगे। उन्हें सनराइजर्स की आक्रामक सलामी जोड़ी हेड और अभिषेक शर्मा के बल्लों पर अंकुश लगाना होगा। स्टब्स और मोहित शर्मा उपयोगी गेंदबाज साबित हो सकते हैं।

सनराइजर्स ने पहले ही मैच में छह विकेट पर 286 रन बनाकर अपने इरादे जाहिर किए थे। ईशान किशन ने 47 गेंद में 106 रन बनाये जबकि हेड ने 31 गेंद में 67 रन की पारी खेली। दूसरे मैच में वे नौ विकेट पर 190 रन ही बना सके।

मोहम्मद शमी, कमिंस और हर्षल पटेल के रहते सनराइजर्स का तेज आक्रमण मजबूत है लेकिन लखनऊ के खिलाफ निस्तेज दिखा। कमिंस ने 15 रन प्रति ओवर की दर से रन दे डाले। उन पर फॉर्म में लौटने का भारी दबाव होगा।

सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, अभिषेक शर्मा, सचिन बेबी, मोहम्मद शमी, एडम जाम्पा, अनिकेत वर्मा, अभिनव मनोहर, राहुल चाहर, ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल, कामिंडु मेंडिस, वियान मुल्डर, नितीश कुमार रेड्डी, अथर्व तायडे, ब्रायडन कार्से, सिमरजीत सिंह, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी

दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल , जेक फ्रेजर-मैकगर्क, करुण नायर, फाफ डु प्लेसिस, डोनोवन फरेरा, अभिषेक पोरेल , ट्रिस्टन स्टब्स , समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, दर्शन नालकंडे, विप्रज निगम, अजय मंडल, मनवंत कुमार, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, मिशेल स्टार्क, टी नटराजन, मोहित शर्मा, मुकेश कुमार, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव