Trending

केकेआर के खिलाफ जीत का सूखा खत्म करने का प्रयास करेगी मुंबई

मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम आज आईपीएल 2025 के अपने पहले मैच की मेजबानी करेगा। मुंबई इंडियंस के सामने कोलकाता नाइट राइडर्स होगी। मुंबई में अक्सर हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिलता है। ऐसे में मुंबई वर्सेस कोलकाता मैच हाई स्कोरिंग हो तो हैरान मत होना।

साभार : गूगल

क्या यहां तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी या स्पिनर अपना दमखम दिखाएंगे? ये ग्राउंड छोटा है तो एक बात तो तय है कि चौके-छक्कों की बरसात फैंस को देखने को मिलेगी। इस मैच से पहले जान लीजिए कि मुंबई के इस ऐतिहासिक स्टेडियम की पिच रिपोर्ट क्या कहती है।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की बात करें तो यहां आईपीएल के कुल 118 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 53 मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 64 मैचों में रन चेज करते हुए टीम जीती हैं। पहली पारी का औसत स्कोर यहां 170 रन है।
पेसर्स थोड़ी से हावी रहते हैं, क्योंकि काली मिट्टी की विकेट यहां बनाए जाते हैं।

71 फीसदी विकेट तेज गेंदबाजों को मिलते हैं और 29 फीसदी के करीब विकेट स्पिनरों को मिलते हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि मुंबई और कोलकाता के बीच मुकाबला हाई स्कोरिंग होगा, क्योंकि दोनों के पास बल्लेबाजी तगड़ी है।

सूर्यकुमार यादव अलग स्तर की बल्लेबाजी यहां करते रहे हैं। मुंबई इंडियंस इस मुकाबले को जीतकर इस सीजन में जीत का सूखा खत्म करने का प्रयास करेगी, जबकि कोलकाता की टीम चाहेगी कि जीत की लय बरकरार रखी जाए।

मुंबई और कोलकाता के बीच अक्सर इस मैदान पर कड़ा मुकाबला देखने को मिलता है। मुंबई इंडियंस पर मैच जीतने का दबाव इसलिए भी होगा, क्योंकि मुंबई की टीम अपने होम ग्राउंड पर सीजन का पहला मैच खेलने उतरेगी। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में पिछले सीजन टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई थी। इस बार एमआई की निगाहें होंगी कि टॉप 4 में कैसे भी पहुंचा जाए।