Trending

मुंबई के खिलाफ करारी हार के लिए अजिंक्य रहाणे ने बल्लेबाजों पर फोड़ा हार का ठीकरा

मुंबई इंडियंस के खिलाफ कोलकाता नाइटराइडर्स को करारी हार मिली। इस हार के बाद केकेआर कप्तान अजिंक्य रहाणे ने वजहें बताई हैं। रहाणे ने आठ विकेट से मिली हार का ठीकरा अपने बल्लेबाजों पर फोड़ते हुए कहा कि वे सामूहिक रूप से नाकाम रहे।

साभार : गूगल

रहाणे ने मैच के बाद कहा कि सामूहिक रूप से बल्लेबाज नाकाम रहे। यह बल्लेबाजी के लिए अच्छा विकेट था। इस पर 180-190 रन बनने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि, कई बार जब आप उछाल का सामना कर रहे होते हैं तो उसका उपयोग करना होता है। हमें तेजी से सीखना होगा।

कप्तान ने कहा कि गेंदबाजों ने काफी कोशिश की लेकिन स्कोर बोर्ड पर बहुत ज्यादा रन ही नहीं लगा सके। इसकी सबसे बड़ी वजह रही कि हमारे विकेट गिरते रहे। रहाणे ने कहाकि पावरप्ले में चार विकेट गंवाने के बाद वापसी करना मुश्किल होता है।

अपने पदार्पण मैच में चार विकेट लेने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अश्वनी कुमार और 41 गेंद में नाबाद 62 रन बनाने वाले रियान रिकेलटन की पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने गत चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स को सोमवार को आईपीएल के मैच में आठ विकेट से हराया।

पंजाब के 23 वर्षीय अश्वनी ने आईपीएल में पहला मैच खेलते हुए 24 रन देकर चार विकेट लिए। मुंबई ने इस सत्र में पहली बार वानखेड़े स्टेडियम पर खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 16.2 ओवर में 116 रन पर आउट कर दिया जो इस सत्र में उसका न्यूनतम स्कोर है।

अश्वनी आईपीएल में पहले ही मैच में चार विकेट लेने वाले पहले भारतीय बन गए। जवाब में इस सत्र में मुंबई से जुड़े दक्षिण अफ्रीका के रिकेलटन ने 41 गेंद में चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 62 रन बनाकर मेजबान टीम को 12 . 5 ओवर में ही दो विकेट खोकर 121 रन तक पहुंचा दिया। यह इस सत्र में मुंबई की पहली जीत है जिसे पहले दो मैचों में पराजय का सामना करना पड़ा।

सूर्यकुमार यादव नौ गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों के साथ 27 रन बनाकर नाबाद रहे। रोहित शर्मा 13 और विल जैक्स 16 रन बनाकर आंद्रे रसेल का शिकार हुए।

इस जीत के साथ पांच बार की चैम्पियन मुंबई टीम सबसे निचले स्थान से तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई और उसका नेट रनरेट भी 0.309 हो गया। इससे पहले अश्वनी ने अजिंक्य रहाणे (11), रिंकू सिंह (17), मनीष पांडे (17) और आंद्रे रसेल 5) के विकेट चटकाए। दीपक चाहर ने 19 रन देकर दो विकेट लिये जबकि ट्रेंट बोल्ट को एक विकेट मिला।

केकेआर की शुरुआत काफी खराब रही जब सलामी बल्लेबाज क्विंटोन डिकॉक (एक) और सुनील नारायण (0) पहले दो ओवर में आउट हुए। पावरप्ले के अंत में केकेआर का स्कोर चार विकेट पर 41 रन था। वानखेड़े स्टेडियम की उछाल और स्विंग लेती पिच पर मुंबई के नयी गेंद के गेंदबाजों ने केकेआर के बल्लेबाजों की गलतियों का पूरा फायदा उठाया।