Trending

आईपीएल : अपने घर में हारी लखनऊ, पंजाब की दूसरी जीत

पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 के 13वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 8 विकेट से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की। इकाना स्टेडियम में हुए मैच में लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर के बाद 7 विकेट पर 171 रन बनाया।

BCCI

जवाब में पंजाब ने प्रभसिमरन सिंह (69) और श्रेयस अय्यर (52) के अर्धशतकों की मदद से 17वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया। मिचेल मार्श (0) का विकेट जल्दी जाने के बाद लखनऊ को पूरन (44) और आयुष बडोनी (41) ने संभाला।

वहीं अंतिम ओवरों में अब्दुल समद ने 27 रन की पारी खेलकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में पंजाब को प्रियांश आर्य (8) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद प्रभसिमरन (69), कप्तान श्रेयस अय्यर (52) और नेहाल वडेरा (43) ने टीम को आसान जीत दिलाई।

लखनऊ के आक्रामक बल्लेबाज निकोलस पूरन इस सीजन में अपने लगातार तीसरे अर्धशतक से चूक गए। वह दिग्गज लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए। पूरन ने 30 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 44 रन बनाए।

Associated Press

वहीं चहल ने अपने 4 ओवर के कोटे में 36 रन देते हुए पूरन के रूप में इकलौती सफलता हासिल की। पंजाब से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 43 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की।

उन्होंने अपने पहले ही ओवर में मिचेल मार्श (0) को आउट किया। इसके बाद अपने आखिरी ओवर में उन्होंने आयुष बडोनी (41) और समद (27) के रूप में अहम विकेट चटकाए। उनके अलावा पंजाब के 4 गेंदबाजों ने 1-1 विकेट अपने नाम किए।

प्रभसिमरन ने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके आईपीएल करियर का चौथा अर्धशतक रहा। वह 34 गेंदों में 69 रन बनाकर दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए। उन्हें दिग्वेश राठी ने आउट किया। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 9 चौके और 3 छक्के लगाए। अपनी पारी के दौरान उन्होंने अय्यर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी भी निभाई।

जोरदार फॉर्म में चल रहे अय्यर ने इस सीजन में लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया। वह 30 गेंदों में 52 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 3 चौके और 4 छक्के लगाए। उन्होंने वढेरा के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 67 रन की अटूट साझेदारी भी की। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने आए वढेरा ने 25 गेंदों में नाबाद 43 रन बनाए।