आईपीएल में नहीं खेलेंगे कागिसो रबाडा, निजी कारणों के चलते स्वदेश लौटे
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा आईपीएल 2025 में दो मैच खेलने के बाद निजी कारणों से आईपीएल छोड़कर स्वदेश रवाना हो गए हैं। उनकी टीम गुजरात टाइटंस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। शुभमन गिल के नेतृत्व वाली गुजरात ने यह नहीं बताया कि रबाडा कब तक लौटेंगे।

गुजरात टीम ने एक बयान में कहा, ”कागिसो रबाडा कुछ महत्वपूर्ण निजी मसले से निपटने के लिये दक्षिण अफ्रीका लौट गए हैं।” रबाडा ने पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक एक विकेट लिया था। उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ बुधवार को बेंगलुरू में खेले गए मैच में टीम में जगह नहीं दी गई। रबाडा की जगह अरशद खान को उतारा गया जिन्होंने विराट कोहली का कीमती विकेट लिया।
अब तक कागिसो रबाडा ने दो ही मैच खेले हैं। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में 4 ओवर में 41 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में 4 ओवर में 42 रन देकर एक विकेट झटका। इस मैच में रबाडा ने 5 गेंद में सात रन बनाए।
गुजरात टाइटंस की आईपीएल 2025 में शुरुआत खराब रही थी। टीम को पहले ही मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ 11 रनों से हार मिली। इसके अगले मैच में शुभमन गिल की टीम ने पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को हराया। गुजरात ने मुंबई को 36 रनों से हराया। गुरुवार को गुजरात ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी।
इस जीत के साथ गुजरात अंकतालिका में बेंगलुरु के बाद चौथे स्थान पर है। बेंगलुरु की अब तक खेले गये तीन मैचों में यह पहली हार है जबकि गुजरात भी अपने तीन मैचों में एक मुकाबला गंवा चुका है।