आईपीएल : घर में केकेआर की दूसरी जीत, सनराइजर्स हैदराबाद को 80 रन से हराया
कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2025 के 15वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 80 रन से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की। मैच में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 200 रन बनाया था।

जवाब में हैदराबाद टीम 120 रन ही बना पाई। टीम इस सीजन तीसरा मुकाबला हारी है। उसे सिर्फ 1 जीत मिली है। मैच में हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ और अंगकृष रघुवंशी (50), वेंकटेश अय्यर (60) और रिंकू सिंह (32) की शानदार पारियों के दम पर टीम 200 रन बनाने में सफल रही।
जवाब में हैदराबाद के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और उनके शीर्ष क्रम में कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। केकेआर के लिए वैभव अरोड़ा और वेंकटेश अय्यर ने 3-3 विकेट लिए। रघुवंशी ने मैच में 32 गेंदों का सामना किया और 50 रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 156.25 की रही।
यह उनके आईपीएल करियर का दूसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने अब तक आईपीएल में 14 मुकाबले खेले हैं और इसकी 11 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 29.10 की औसत से 291 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 151.56 की रही है।
वेंकटेश नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने आए थे। उन्होंने 29 गेंदों का सामना किया और 60 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 206.90 की रही। यह उनके आईपीएल करियर का 12वां अर्धशतक रहा।
वेंकटेश ने 55 आईपीएल मुकाबले खेले हैं। इसकी 52 पारियों में 7 बार नाबाद रहते हुए 1,395 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 12 अर्धशतक और 1 शतक निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 104 रन रहा है। वेंकटेश ने हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल 2024 के पहले क्वालीफायर में 51 रन की पारी खेली थी। इसके बाद दोनों टीमों का सामना फाइनल में हुआ, जहां अय्यर के बल्ले से 52 रन निकले थे। अब इस खिलाड़ी ने आईपीएल 2025 में 60 रन बनाए।
केकेआर के दिग्गज खिलाड़ी सुनील नरेन ने मैच में अनिकेत वर्मा को आउट कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने टी-20 क्रिकेट में टीम के लिए 200 विकेट पूरे कर लिए। वह किसी एक टीम के लिए खेलते हुए इस प्रारूप में 200 विकेट पूरे करने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बने हैं।
समित पटेल ने नॉटिंघमशायर के लिए खेलते हुए टी-20 क्रिकेट में 208 विकेट लिए हैं। क्रिस वुड ने हैंपशायर क्रिकेट टीम के लिए 199 विकेट लिए हैं।