बिना हारे 13वीं बार फ्रांसीसी लीग की चैंपियन बनी पेरिस सेंट जर्मेन
पेरिस सेंट जर्मेन ने अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए शनिवार को एंजर्स को 1–0 से हराकर छह मैच शेष रहते हुए ही फ़्रांसीसी फ़ुटबॉल लीग (लीग 1) का खिताब अपने नाम पर सुरक्षित किया।

पीएसजी का यह लीग 1 में 13वां खिताब है और इस तरह से उसने अपने ही रिकॉर्ड में सुधार किया। उसकी यह जीत इसलिए भी अहम है क्योंकि उसने चैंपियन बनने की राह तक एक भी मैच नहीं गंवाया।
ट्रॉफी अपने नाम पर सुरक्षित करने के लिए उसको एंजर्स के खिलाफ ड्रॉ की जरूरत थी लेकिन युवा स्ट्राइकर डेसिरे डौए के गोल से उसने जीत के साथ जश्न मनाया। मैच समाप्त होने के बाद पीएसजी के खिलाड़ियों ने कोच लुई एनरिक को कंधों पर उठा दिया।
पीएसजी की यह 28 मैच में 23वीं जीत है और उसने दूसरे स्थान पर काबिज मोनाको पर 24 अंक की बड़ी बढ़त हासिल कर ली है। पीएसजी के 74 और मोनाको के 50 अंक हैं। मोनाको को एक अन्य मैच में ब्रेस्ट ने 2–1 से हराया। पीएसजी ने अपने अभियान में 80 गोल किए हैं जबकि उसने 26 गोल खाए हैं।