आईपीएल : गुजरात टाइटंस की तीसरी जीत, हैदराबाद को उसके घर में हराया
गुजरात टाइटंस ने आईपीएल के 19वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की। मैच में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 152 रन बनाया। जवाब में गुजरात ने वाशिंगटन सुंदर (49) और शुभमन गिल (61) की पारियों से 16.4 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।

ट्रेविस हेड (8) का विकेट पहले ओवर में खोने के बाद हैदराबाद से अभिषेक शर्मा (18), ईशान किशन (17), नितीश रेड्डी (31) और हेनरिक क्लासेन (27) भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। वहीं मोहम्मद सिराज की घातक गेंदबाजी (4/17) के सामने गुजरात की टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।
जवाब में गुजरात से साई सुदर्शन (5) और जोस बटलर (0) जल्दी आउट हुए। इसके बाद कप्तान गिल और सुंदर ने उपयोगी पारी खेलकर जीत दिलाई। सिराज ने नई गेंद से शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने मैच के पहले ओवर की छठी गेंद पर विपक्षी सलामी बल्लेबाज हेड को आउट किया।
इसके बाद सिराज ने अपने तीसरे ओवर में अभिषेक को पवेलियन की राह दिखाई। सिराज ने अपने शुरुआती 3 ओवर में सिर्फ 14 रन देते हुए ये 2 प्रमुख विकेट लिए। इसके बाद उन्होंने अपने आखिरी ओवर में अनिकेत वर्मा और सिमरजीत के विकेट चटकाए। उन्होंने अपने 4 ओवर में 17 रन दिए।

अपने आईपीएल करियर में सिराज ने अब तक कुल 97 मैच खेले हैं, जिसमें 29 की औसत और 8.60 की इकॉनमी रेट के साथ 102 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 17 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा है। वह आईपीएल के अब तक के इतिहास में 100 विकेट लेने वाले कुल 26वें गेंदबाज बने हैं।
हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक उनके आईपीएल करियर का 100वां शिकार बने। गुजरात के सलामी बल्लेबाज सुदर्शन 9 गेंदों में 5 रन बनाकर आउट हुए। यह दूसरा मौका है, जब सुदर्शन दहाई का स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने 29 पारियों में 47.11 की औसत से 1,225 रन बनाए हैं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने जब 16 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब सुंदर क्रीज पर आए। उन्होंने पारी का छठा ओवर करने आए सिमरजीत सिंह की जमकर पिटाई की। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सिमरजीत के उस ओवर में 2 चौके और इतने ही छक्के लगाए। वह 29 गेंदों पर 49 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने आईपीएल में अपना सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाया।
शीर्षक्रम में शुरुआती झटकों के बाद कप्तान गिल ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए टीम को दबाव से निकाला। उन्होंने एक छोर संभाले रखा और सुंदर के साथ उपयोगी साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। इस बीच उन्होंने कुछ आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने 36 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का 21वां अर्धशतक पूरा किया। वह 43 गेंदों में 61 रन बनाकर नाबाद रहे। शेरफेन रदरफोर्ड ने 16 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाए।