आईपीएल : आरसीबी की धमाकेदार जीत, मुंबई होम ग्राउंड पर चूकी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल के 20वें मैच में मुंबई इंडियंस को 12 रन से हराते हुए तीसरी जीत दर्ज की। आरसीबी ने पहले खेलते हुए 5 विकेट 221 रन बनाया। जवाब में बड़ा स्कोर का पीछा करते हुए मुंबई पूरे ओवर खेलने के बाद 9 विकेट पर 209 रन ही बना सकी।

फिल सॉल्ट (4) का विकेट गिरने के बाद विराट कोहली (67) और देवदत्त पडिक्कल (37) ने पारी को संभाला। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार (64) और जितेश शर्मा (40) ने टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।
जवाब में मुंबई को रोहित शर्मा (17) और रयान रिकेलटन (17) जल्दी आउट हुए। इसके बाद तिलक वर्मा (56) और हार्दिक पांड्या (42) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। आरसीबी से क्रुणाल ने 4 विकेट लिए। टीम को 4 रन के कुल स्कोर पर सॉल्ट (4) के रूप में पहला झटका लग गया था।
इसके बाद कोहली ने देवदत्त पडिक्कल (37) के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 91 रन की साझेदारी निभा दी। इसके बाद उन्होंने कप्तान रजत पाटीदार के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी कर अर्धशतक भी पूरा किया। कोहली ने 42 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्के की मदद से 67 रन बनाए।
कोहली टी-20 क्रिकेट में 13,000 रन बनाने वाले भारत के पहले और विश्व के 5वें बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले क्रिस गेल, शोएब मलिक, एलेक्स हेल्स और कीरोन पोलार्ड ही ये आंकड़ा छूने में सफल हुए हैं।
बता दें कि गेल ने 463 टी-20 मैचों में 14,562 रन, हेल्स ने 494 मैचों में 13,610 रन, मलिक ने 555 मैचों में 13,557 रन और पोलार्ड ने 695 मैचों में 13,537 रन बनाए हुए हैं। पाटीदार ने 32 गेंदों में 5 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 64 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान कुछ आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने हार्दिक पांड्या की गेंद पर विकेटों के पीछे एक अविश्वसनीय शॉट भी खेला।
यह पाटीदार के आईपीएल करियर का 9वां और मुंबई के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 25 गेंदों में पूरा किया। उनका विकेट ट्रेंट बोल्ट ने लिया। बोल्ट ने अपने 4 ओवर में 57 रन देते हुए 2 विकेट लिए।
अपने बेमिसाल करियर में बोल्ट ने पहली बार 50 से अधिक रन खर्च किए हैं। उन्होंने 108 पारियों में 26.97 की औसत के साथ 126 विकेट लिए हैं। हार्दिक ने मुकाबले में 45 रन देते हुए 2 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने अपने टी-20 करियर के 200 विकेट पूरे किए। आरसीबी के मध्यक्रम के बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन उनका 200वां शिकार बने।
हार्दिक ने अपने टी-20 क्रिकेट करियर में 291 मैचों की 232 पारियों में 200 विकेट लिए हैं। इस बीच उन्होंने 1 पारी में 5 विकेट हॉल भी लिया था। वह टी-20 क्रिकेट में 200 विकेटों के साथ-साथ 5,000+ रन बनाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने हैं।
जब मुंबई को 79 रन के कुल स्कोर पर विल जैक्स (22) के रूप में तीसरा झटका लगा, तब तिलक क्रीज पर आए। उन्होंने सूर्यकुमार (28) के साथ चौथे विकेट के लिए 20 और कप्तान हार्दिक (42) के साथ 5वें विकेट के लिए 89 रन की अहम साझेदारी निभाई।
इस दौरान उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। तिलक 29 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए।