भाजपा में पूर्व भारतीय क्रिकेटर केदार जाधव शामिल
क्रिकेट के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर केदार जाधव राजनीति में अपनी पारी शुरू करने वाले हैं। मुंबई में महाराष्ट्र के मंत्री और राज्य भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले की उपस्थिति में केदार जाधव भाजपा में शामिल हुए।

चंद्रशेखर बावनकुले ने पार्टी का पट्टा पहनाकर उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। पार्टी में शामिल होने के बाद केदार जाधव ने कहा, 2014 से जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आई है, उन्हें जिस तरह का प्यार और समर्थन मिला है और जिस तरह की उपलब्धियां पीएम मोदी और सीएम देवेंद्र फडणवीस ने हासिल की हैं, मुझे लगता है कि यह बहुत प्रेरणादायक है।
मेरा लक्ष्य उनके नक्शेकदम पर चलना है और भाजपा के लिए जो भी छोटा योगदान हो सके, वह करना है। मुझे पूरा विश्वास है कि मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, मैं उसे पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश करूंगा।
केदार जाधव ने पिछले साल जून में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की थी। इस खिलाड़ी ने भारत के लिए अपना आखिरी मैच आठ फरवरी, 2020 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। चार मैचों की वनडे सीरीज में उन्होंने सिर्फ 35 रन बनाए थे। इस सीरीज में उन्हें दो मुकाबलों में प्लेइंग 11 का हिस्सा बनाया गया था।
केदार जाधव ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू 2014 में किया था। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ रांची में पहला वनडे 16 नवंबर 2014 को खेला था। 73 वनडे में जाधव ने 42.09 की औसत से 1389 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो शतक और छह अर्धशतक लगाए।
जाधव ने 27 विकेट भी अपने नाम किए। अंतरराष्ट्रीय टी20 की बात करें तो जाधव ने नौ मैचों में 123.23 के स्ट्राइक रेट से 58 रन बनाए। केदार टीम इंडिया के अलावा आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए लंबे समय तक खेले हैं।
उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद का भी प्रतिनिधित्व किया। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में केदार जाधव ने शानदार प्रदर्शन किया। आईपीएल में 95 मैचों में 123.17 के स्ट्राइक रेट से 1196 रन बनाए। उन्होंने चार अर्धशतकीय पारियां खेलीं।