वाराणसी: सामूहिक बलात्कार मामले में तीन और आरोपी गिरफ्तार , जानिए अब तक कितने आरापी चढ़े पुलिस के हत्थे

बीएस राय। वाराणसी में 19 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इन गिरफ्तारियों के साथ ही पुलिस ने मामले के 23 आरोपियों में से 12 को गिरफ्तार कर लिया है। यह खबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपने संसदीय क्षेत्र में कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के लिए सुबह यहां पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद आई।

आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने मामले के बारे में विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों से इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने को कहा। इस बीच, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (छावनी) विदुष सक्सेना ने बताया कि पुलिस ने तीनों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान राज विश्वकर्मा, समीर, आयुष, सोहेल, दानिश, अनमोल, साजिद, जहीर, इमरान, जैब, अमन और राज खान के रूप में हुई है। शिकायत के अनुसार, 29 मार्च से 4 अप्रैल के बीच पीड़िता के साथ 23 लोगों ने कई जगहों पर सामूहिक बलात्कार किया।

पीड़िता के परिवार ने इस संबंध में 6 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पहले बताया था कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(1) (सामूहिक बलात्कार), 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुँचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 123 (अपराध करने के इरादे से ज़हर आदि के ज़रिए चोट पहुँचाना), 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 127(2) (गलत तरीके से बंधक बनाना) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।