धोनी का अंतिम पड़ाव? लखनऊ में होगी कप्तानी की अग्निपरीक्षा
आईपीएल का 30वां मुकाबला रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होगा। एक ओर जहां लखनऊ जीत की लय में है, वहीं चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन में अपनी खोई हुई लय तलाशने में नाकाम रही है।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने पिछले मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 6 विकेट से हराकर अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ टीम ने अंक तालिका में आठ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर मजबूत पकड़ बनाई।
निकोलस पूरन और एडन मार्करम जैसे बल्लेबाज़ शानदार फॉर्म में हैं, जबकि गेंदबाज़ी यूनिट भी लय में है। आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है।
छह मैचों में एक जीत के साथ टीम अंतिम पायदान पर है। यदि टीम को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना है, तो अब हर मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा है। ऐसे में एमएस धोनी ने एक बार फिर से टीम की कमान संभाली है, जिससे फैंस को करिश्मे की उम्मीद है।
महेंद्र सिंह धोनी के करियर को लेकर अटकलों का दौर जारी है। आईपीएल 2025 के शुरू होने से पहले बीसीसीआई ने ट्विटर पर एक पोस्ट में इसे “धोनी का विदाई सीजन” बताया था। पोस्ट में लिखा था—“चेपॉक में थाला की वापसी! एमएस धोनी का विदाई आईपीएल सीजन 23 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ शुरू होगा।”

हालांकि, खुद धोनी ने अब तक संन्यास का ऐलान नहीं किया है। ऐसे में इकाना स्टेडियम पर होने वाला यह मुकाबला संभवतः लखनऊ के दर्शकों के लिए धोनी को आखिरी बार खेलते देखने का मौका हो सकता है।
रविवार की शाम क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास होगी। एक तरफ लखनऊ की युवा जोश से भरी टीम है, दूसरी ओर चेन्नई की अनुभवी लेकिन संकट में फंसी ब्रिगेड। धोनी की रणनीति, मैदान पर उनकी मौजूदगी और कप्तानी का असर क्या लखनऊ के विजय रथ को रोक पाएगा—यही आज के मैच का सबसे बड़ा सवाल होगा।