ला लिगा में जीत के साथ बार्सिलोना को मजबूत बढ़त
बार्सिलोना ने रेलीगेशन (दूसरी डिवीजन में खिसकने) का खतरा झेल रहे लेगानेस को आत्मघाती गोल से 1-0 से हराकर स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा में अपनी बढ़त मजबूत कर ली। मैच का एकमात्र गोल 48वें मिनट में हुआ जब राफिन्हा के खतरनाक क्रॉस को लेगानेस के डिफेंडर जॉर्ज साएंज़ ने अपने ही नेट में डाला।

इस जीत से बार्सिलोना ने करीबी प्रतिद्वंदी रियाल मैड्रिड पर सात अंकों की बढ़त बनाई। बार्सिलोना के 31 मैच में 70 अंक हो गए हैं जबकि रियाल मैड्रिड के 30 मैच में 63 अंक है और वह दूसरे स्थान पर है।
अन्य मैचों में एस्पेनयॉल ने स्ट्राइकर रॉबर्टो फर्नांडीज के दो गोल की मदद से सेल्टा विगो पर 2-0 से जीत दर्ज की, जबकि साइल लारिन और सेर्गी डार्डर के गोल से मैलोर्का ने सैन सेबेस्टियन में रियाल सोसिदाद को 2-0 से हराया। एक अन्य मैच में लास पालमास ने गेटाफे को 3-1 से हरा कर पहली जीत दर्ज की।