आईपीएल : पंजाब किंग्स की ऐतिहासिक जीत, 111 रन डिफेंड कर केकेआर को किया ढेर
पंजाब किंग्स ने आईपीएल के 31वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को 16 रन से हराकर सत्र में अपनी चौथी जीत दर्ज की। पंजाब ने पहले खेलते हुए सभी विकेट खोकर 111 रन बनाए। जवाब में केकेआर 15.1 ओवर में 95 रन पर ही ऑलआउट हो गई।

पंजाब ने पावरप्ले के बाद 54/4 का स्कोर बनाया। इस बीच प्रियांश आर्य (22), प्रभसिमरन सिंह (30), श्रेयस अय्यर (0) और जोस इंग्लिस (2) आउट हुए। इसके बाद भी लगातार गिर रहे विकेटों के बीच पंजाब की पारी 15.3 ओवर में सिमट गई। जवाब में केकेआर ने सुनील नरेन (2) और क्विंटन डिकॉक (5) के विकेट जल्दी गंवा दिए। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी (37) और निचले क्रम में आंद्रे रसेल (17) ने उम्दा पारियां खेलीं, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
पंजाब ने आईपीएल इतिहास में अब तक का सबसे कम स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव किया है। इससे पहले सबसे कम स्कोर का बचाव करने का रिकॉर्ड सीएसके के नाम पर था। बता दें कि सीएसके ने 116 रन (बनाम पंजाब, 2016) बनाने के बाद मैच जीता था।
आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े स्कोर को सफलतापूर्वक हासिल करने का रिकॉर्ड भी पंजाब के नाम पर ही दर्ज है। टीम की पारी के चौथे ओवर में हर्षित राणा ने प्रियांश आर्य (22) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला।
उसी ओवर में इस तेज गेंदबाज ने विपक्षी कप्तान अय्यर (0) को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद हर्षित ने अपने अगले ओवर में प्रभसिमरन का विकेट चटकाया। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अपने 4 ओवर के कोटे में 25 रन देते हुए ये 3 सफलताएं हासिल की।
नरेन ने अपने 3 ओवर में 4.70 की इकॉनमी रेट से 14 रन देते हुए 2 सफलताएं हासिल की। उन्होंने सूर्यांश शेडगे और मार्को येंसन के विकेट चटकाए। उन्होंने पंजाब के खिलाफ आईपीएल में 19.30 की औसत के साथ 36 विकेट लिए हैं। वह इस टीम के खिलाफ सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
उन्होंने इस मामले में उमेश यादव (35) को पीछे छोड़ा है। पंजाब के अनुभवी ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल 10 गेंदों में 7 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने बोल्ड कर दिया। आईपीएल में चक्रवर्ती ने चौथी बार मैक्सवेल का शिकार किया है।
बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने भारतीय स्पिनर के खिलाफ आईपीएल में 31 गेंदों का सामना करते हुए 46 रन बनाए हैं। मौजूदा सीजन में मैक्सवेल एक भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। केकेआर की पारी के 7वें ओवर के दौरान चहल गेंदबाजी करने आए। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में विपक्षी कप्तान श्रेयस अय्यर का विकेट चटकाया।
इसके बाद उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे अंगकृष रघुवंशी को अपना शिकार बनाया। इस अनुभवी लेग स्पिनर ने अपने अगले ओवर में रिंकू सिंह और रमनदीप सिंह को लगातार गेंदों पर आउट किया। उन्होंने अपने 4 ओवर में 28 रन देते हुए ये 4 विकेट लिए।