पंजाब किंग्स के खिलाफ जोरदार वापसी करना चाहेगी आरसीबी
आईपीएल के 37वें मैच में पंजाब किंग्स की टक्कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगी। ये इस सत्र में दोनों टीमों की दूसरी भिड़ंत होगी। पहले मैच में पंजाब को 5 विकेट से जीत मिली थी। पंजाब ने टूर्नामेंट में 5 मुकाबले जीते हुए हैं। आरसीबी को 4 मुकाबलों में जीत मिली है।

दोनों टीमों की भिड़ंत में पंजाब का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। दोनों टीमें 34 मैचों में आमने-सामने हुई हैं, जिसमें से 16 मुकाबले आरसीबी ने जीते, वहीं पंजाब ने 18 मैच जीते हैं। आईपीएल 2024 में दोनों टीमों के बीच 2 मैच खेले गए थे। दोनों मुकाबलों को आरसीबी ने जीता था।
पहले मैच को आरसीबी ने 60 रन से जीता था, वहीं दूसरे मैच में उसे 4 विकेट से जीत मिली थी। आरसीबी को पिछले मैच में पंजाब के खिलाफ हार मिली थी। उनकी बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप रही थी। ऐसे में वह जोरदार वापसी करना चाहेंगे।
टिम डेविड, रजत पाटीदार और विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। आरसीबी की गेंदबाजी इस संस्करण काफी अच्छी रही है। पंजाब को अपने पिछले दोनों मैच में जीत मिली है।
ऐसे में वह उस प्रदर्शन को आगे भी बरकरार रखना चाहेंगे। हालांकि, टीम के बल्लेबाज पिछले दोनों मैच में कुछ खास नहीं कर पाए हैं। ऐसे में अपने घरेलू मैदान पर अब पंजाब अपने बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।
कप्तान अय्यर ने इस संस्करण में अब तक 7 पारियों में 51.40 की औसत और 194.69 की स्ट्राइक रेट के साथ 257 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 3 अर्धशतक लगाए हैं। कोहली ने 7 पारियों में 49.80 की औसत और 141.47 की स्ट्राइक रेट से 249 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप ने 7 मैचों में 22.40 की औसत के साथ 10 विकेट लिए हैं। भुवनेश्वर के 6 मुकाबलों में 8 विकेट है।
आरसीबी संभावित टीम: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और यश दयाल
पंजाब संभावित टीम: प्रियांश आर्य, नेहल वढेरा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसन, हरप्रीत बराड़, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल