10 मीटर एयर राइफल में अर्जुन बाबुता को रजत पदक, मामूली अंतर से जीतने से चूक गए
आईएसएसएफ विश्व कप में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में पेरिस ओलंपिक में खेल चुके भारतीय निशानेबाज अर्जुन बाबुता मामूली अंतर से स्वर्ण जीतने से चूक गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

पेरिस ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहे बाबुता (252.3) रोमांचक फाइनल में मौजूदा ओलंपिक चैंपियन चीन के शेंग लिहाओ (252.4) से सिर्फ 0.1 अंक से हारे। विश्व कप में 40 से अधिक पदक जीत चुके हंगरी के निशानेबाज इस्तवान पेनी ने 229.8 स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।
फाइनल में कई स्टार निशानेबाज थे जिनमें मौजूदा विश्व चैंपियन और पेरिस ओलंपिक के रजत पदक विजेता स्वीडन के विक्टर लिंडग्रेन, नॉर्वे के जॉन-हरमन हेग और भारत के पूर्व विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल थे।
तकनीकी खराबी की वजह से पाटिल को जूरी ने 11वां शॉट नहीं लेने दिया। फाइनल में बाबुता और पाटिल दोनों ने समान 10.1 के साथ मजबूत शुरुआत की।
पाटिल ने पिछले सप्ताह ब्यूनस आयर्स में विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता था, इस बार भाग्य उनके साथ नहीं था और उन्हें फाइनल के शुरू बाहर होना पड़ा। पाटिल के बाहर होने के बावजूद बाबुता शांत रहे और उन्होंने 14वें शॉट के बाद पहली बार बढ़त ले ली।
शेंग ने अच्छी वापसी की। बाबुता को एक समय 0.3 अंक की मामूली बढ़त थी लेकिन चीन के निशानेबाज में 10.9 अंक का निशाना साधकर बढ़त बना दी। बाबुता का अंतिम स्कोर 10.5 फिर से बढ़त हासिल करने के लिए काफी नहीं था, शेंग ने 10.3 के साथ स्वर्ण अपने नाम पक्का कर दिया।
क्वालीफिकेशन में बाबुता ने पहली रिले में 631.9 का मजबूत स्कोर बनाया, जबकि शेंग ने 635.0 के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। पाटिल ने दूसरी रिले में 632.0 का स्कोर बनाकर ग्रुप का नेतृत्व किया और तीसरा स्थान हासिल किया। भारत से हृदय हजारिका मामूली अंतर से फाइनल में जगह बनाने से चूक गए और 629.3 के स्कोर के साथ 10वें स्थान पर रहे।