Trending

आईपीएल : कोहली और पडिक्कल की तूफानी पारी, आरसीबी ने पंजाब को धोया

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल के 37वें मैच में पंजाब किंग्स  को 7 विकेट से हराकर अपनी पांचवीं जीत दर्ज की। मैच में पहले खेलते हुए पंजाब ने 6 विकेट पर 157 रन बनाया। जवाब में आरसीबी ने विराट कोहली (73) और देवदत्त पडिक्कल (61) की पारियों से 18.5 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।

BCCI

पंजाब से प्रियांश आर्य (22) और प्रभसिमरन सिंह (33) ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े। आरसीबी के गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने पंजाब के बल्लेबाज तेजी से रन बटोरने में असफल रहे। पंजाब से शशांक सिंह (31) और मार्को येंसन (25) ने उपयोगी योगदान देकर टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचाया।

जवाब में आरसीबी को फिल सॉल्ट (1) के रूप में पहले ओवर में झटका लगा। इसके बाद पडिक्कल और कोहली ने जीत दिलाई। आरसीबी ने जब 6 रन के स्कोर पर फिल सॉल्ट के रूप में पहला विकेट खोया, तब पडिक्कल क्रीज पर आए।

उन्होंने 30 गेंदों में अपना इस सीजन का पहला और आईपीएल करियर का 10वां अर्धशतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने कोहली के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी निभाई। वह 35 गेंदों में 5 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 61 रन की पारी खेलकर आउट हुए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली ने संभलकर बल्लेबाजी की। उन्होंने मौके मिलने पर कुछ शानदार शॉट लगाए और आरसीबी को मजबूत स्थिति में ला दिया। उन्होंने 43 गेंदों में अपना 59वां अर्धशतक पूरा किया। यह मौजूदा सीजन में उनके बल्ले से निकलने वाली चौथी अर्धशतकीय पारी रही।

उन्होंने कप्तान रजत पाटीदार के साथ मिलकर 34 रन की साझेदारी भी की। वह 54 गेंदों में 7 चौकों और 1 छक्के की बदौलत 73 रन बनाकर नाबाद रहे। कोहली अब आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक 50+ स्कोर करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वह अपने करियर में सर्वाधिक 8 शतक भी लगा चुके हैं।

ऐसे में उन्होंने 67 स्कोर 50+ रन के किए हैं। उन्होंने इस मामले में डेविड वार्नर को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने लीग में 66 स्कोर, 50+ रन (शतक- 4 और अर्धशतक- 62) के किए थे। इस सूची में शिखर धवन तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 53 स्कोर, 50+ रन के किए हैं।

इस जीत के साथ आरसीबी के अब 10 अंक (+0.472) हो गए हैं। पाटीदार की कप्तानी वाली टीम अब तीसरे स्थान पर है। गुजरात टाइटंस ने 7 में से 5 मैच जीते हैं और 10 ही अंक के साथ टीम शीर्ष पर कायम है। दिल्ली कैपिटल्स ने भी 7 में से 5 में जीत दर्ज की हुई है और टीम दूसरे पायदान पर है। आज मैच हारने वाली पंजाब चौथे स्थान पर है।