Trending

चिन्नास्वामी में आरसीबी की सीजन की पहली जीत, राजस्थान को 11 रन से हराया

बीएस राय: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने आखिरकार अपने घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस सीजन की पहली जीत दर्ज कर ली है। शुक्रवार को खेले गए इस हाई वोल्टेज मैच में RCB ने राजस्थान रॉयल्स को 11 रनों से हरा दिया। यह जीत न सिर्फ पॉइंट्स टेबल के लिहाज से अहम रही, बल्कि टीम के लिए आत्मविश्वास के लिहाज से भी काफी अहम साबित हुई।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बैंगलोर ने शानदार शुरुआत की। फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने टीम को मजबूत आधार दिया और पहले विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी की। सातवें ओवर में सॉल्ट (26 रन) के आउट होने के बाद कोहली को देवदत्त पडिक्कल का साथ मिला और दोनों ने मिलकर पारी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया।

कोहली ने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 70 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और दो छक्के शामिल रहे इसके अलावा टिम डेविड (23 रन) और जितेश शर्मा (नाबाद 20 रन) ने भी टीम को 205 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने संतुलित शुरुआत की। यशस्वी जायसवाल (49 रन) और ध्रुव जुरेल (47 रन) ने टीम को जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन मध्यक्रम में जल्दी विकेट गिरने से रन गति प्रभावित हुई।
19वां ओवर मैच का टर्निंग प्वाइंट बन गया, जब जोश हेजलवुड ने महज 1 रन देकर 2 विकेट चटकाए। हेजलवुड की सटीक लाइन और लेंथ के आगे राजस्थान के बल्लेबाज पस्त नजर आए। उन्होंने कुल 4 ओवर में 33 रन देकर 4 विकेट चटकाए और ‘मैन ऑफ द मैच’ के प्रबल दावेदार बने।

आखिरी ओवर में जब राजस्थान को 17 रनों की जरूरत थी, तब गेंदबाजी की कमान यश दयाल के हाथों में थी। उन्होंने न सिर्फ दबाव को संभाला बल्कि सिर्फ 5 रन देकर एक विकेट भी लिया। उनकी कसी हुई गेंदबाजी ने आरसीबी को सीजन की पहली जीत दिलाई। गेंदबाजों का जलवा बैंगलोर के लिए हेजलवुड सबसे सफल गेंदबाज रहे। वहीं, क्रुणाल पंड्या ने भी अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया और 2 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार और यश दयाल को एक-एक विकेट मिला। राजस्थान के लिए संदीप शर्मा ने दो विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर और वानिंदु हसरंगा ने एक-एक विकेट लिया।