लगातार हार से जूझ रही राजस्थान का सामना फॉर्म में चल रही गुजरात से
बेहतरीन फॉर्म में चल रही गुजरात टाइटंस सोमवार को आईपीएल मैच में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी तो उसका लक्ष्य शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ प्लेऑफ में जगह पक्की करने के करीब पहुंचना होगा।

गुजरात आठ मैचों में से छह जीत के साथ 10 टीमों की तालिका में शीर्ष पर है और उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दो और जीत की जरूरत है। टीम ने मौजूदा सत्र में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और उसे केवल दो बार हार मिली।
साई सुदर्शन और प्रसिद्ध कृष्णा ऑरेंज (सबसे ज्यादा रन) और पर्पल (सबसे ज्यादा विकेट) कैप की दौड़ में आगे हैं। गुजरात के लिए गिल, सुदर्शन और जोस बटलर शानदार लय में है। तीनों बल्लेबाजों ने मौजूदा सत्र में 300 से अधिक रन बनाए हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 150 से अधिक रहा है।
कागिसो रबाड़ा सत्र की शुरुआत में व्यक्तिगत कारणों से स्वदेश लौटे, लेकिन इसके बावजूद गेंदबाजी टीम की प्रमुख ताकत बनकर सामने आई।
कई चोटों के बाद टी20 क्रिकेट में लौटने वाले प्रसिद्ध ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने आठ मैचों में 14.12 की औसत से 16 विकेट लिए हैं। बल्लेबाजों को चकमा देने और गेंद की लंबाई में बदलाव करने की उनकी क्षमता उनकी सफलता की कुंजी रही है।
मोहम्मद सिराज भी गेंद से प्रभावी रहे हैं, उन्होंने अब तक 12 विकेट लिए हैं और सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं। आर साई किशोर भी इस सत्र में शीर्ष पांच विकेट लेने वालों में हैं। इस वामहस्त स्पिनर ने 8.22 की इकॉनमी से 12 विकेट लिए हैं।
गुजरात के पास इशांत शर्मा, वाशिंगटन सुंदर और कुलवंत खेजरोलिया है और टीम ने इंपैक्ट खिलाड़ी के तौर पर उनका प्रभावशाली इस्तेमाल किया है। राजस्थान रॉयल्स इस सप्ताह की शुरुआत में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से 11 रनों से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम बनी।
यह उनकी पांचवीं और नौ मैचों में सातवीं हार थी। वे अंक तालिका में नौवें स्थान पर हैं। लीग के शुरूआती सत्र के चैंपियन को इस पूरे सत्र में लय हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
टीम अपने पिछले तीन मैचों में जीत के करीब पहुंची लेकिन करीबी मैचों को अपने पक्ष में मोड़ने में नाकाम रही। इसमें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सुपर ओवर में दिल तोड़ने वाली हार भी है।
शीर्ष क्रम में यशस्वी जायसवाल, रियान पराग और नितीश राणा ने अच्छी बल्लेबाजी की है लेकिन उनकी गेंदबाजी एक बड़ी निराशा रही है। गेंदबाज रन गति को नियंत्रित करने और महत्वपूर्ण क्षणों में विकेट लेने में असमर्थ रहे है जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा है।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, रियान पराग (कप्तान), नितीश राणा, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्षाना, संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे, शुभम दुबे, कुमार कार्तिकेय, युद्धवीर सिंह चरक, कुणाल सिंह राठौड़, आकाश मधवाल, फजलहक फारूकी, केवेना मफाका, अशोक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (चोटिल)
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), बी साई सुदर्शन, शाहरुख खान, शेरफेन रदरफोर्ड, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कागिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, महिपाल लोमरोर, अरशद खान, जयंत यादव, निशांत सिंधु, कुलवंत खेजरोलिया, गेराल्ड कोएट्जी, मानव सुथार, कुमार कुशाग्र, गुरनूर बराड़ और करीम जनत