धीमी ओवर गति LSG को महंगी पड़ी, पंत पर भारी जुर्माना
आईपीएल में मुश्किलों से जूझ रही लखनऊ सुपर जायंट्स और उनके कप्तान ऋषभ पंत को बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान ऋषभ पंत पर रविवार को आईपीएल में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपनी टीम की 54 रन की हार के दौरान धीमी ओवर गति के लिए 24 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। इंपैक्ट प्लेयर सहित पूरी टीम के ऊपर भी जुर्माना लगाया गया है।

आईपीएल ने एक विज्ञप्ति में कहा कि चूंकि यह आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत न्यूनतम ओवर गति उल्लघंन से संबंधित उनकी टीम का सत्र का दूसरा उल्लघंन था।
ऐसे में पंत पर 24 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसमें कहा गया कि इंपैक्ट खिलाड़ी सहित अंतिम एकादश के बाकी मेंबर्स पर या तो छह लाख रुपए या उनकी संबंधित मैच फीस का 25 प्रतिशत (जो भी कम हो) का जुर्माना लगाया जाएगा।
मुंबई इंडियंस विकेटकीपर बल्लेबाज रेयान रिकलटन (58 रन) और सूर्यकुमार यादव (54 रन) के अर्धशतकों के बाद तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (22 रन देकर चार विकेट) की अगुवाई में शानदार गेंदबाजी से रविवार को आईपीएल मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से हराकर लगातार पांचवीं जीत से तालिका में दूसरे स्थान पर आ गई।
आईपीएल में हमेशा की तरह धीमी शुरुआत के बाद लय पकड़ने वाली मुंबई इंडियंस 10 मैच में 12 अंक लेकर गुजरात टाइटन्स (आठ मैच में 12 अंक) से नीचे बनी हुई है। एलएसजी 10 अंक से छठे स्थान पर है।