19वां ओवर बना दिल्ली के लिए काल, अक्षर पटेल की कप्तानी पर उठे सवाल
अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल के 46वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों 6 विकेट से हार मिली। इस मैच में दिल्ली के कप्तान ने कई गलतियां की, मगर उनका एक ब्लंडर टीम पर भारी पड़ गया।

अक्षर पटेल की यह गलती थी 19वां ओवर मुकेश कुमार को सौंपना जबकि उनके पास मिचेल स्टार्क का 1 ओवर बाकी था। मुकेश कुमार का डेथ ओवर में परफॉर्मेंस कुछ खास नहीं रहा है, वहीं आरसीबी के खिलाफ पहले तीन ओवर में वह 32 रन लुटा चुके थे।
अक्षर ने मुकेश कुमार को यह ओवर सौंपने की गलती तब करी जब मैच फंसा हुआ था और आरसीबी को जीत के लिए 12 गेंदों पर 17 रनों की जरुरत थी।
दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 162 रन बोर्ड पर लगाए थे। मेजबान टीम के लिए हाईएस्ट स्कोरर स्टार बल्लेबाज केएल राहुल रहे जिन्होंने 41 रनों की पारी खेली। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 3 तो जोश हेजलवुड ने 2 विकेट चटकाए। इस स्कोर को बेंगलुरु ने 9 गेंदें शेष रहते हासिल किया।
मुकेश कुमार के 19वें ओवर की पहली तीन लीगल गेंदों पर ही टिम डेविड ने मैच खत्म कर दिया। उनकी पहली गेंद पर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने लॉन्ग ऑफ की दिशा में छक्का लगाया।
दबाव में मुकेश अगली गेंद नो बॉल डाल बैठे जिस पर टिम डेविड ने चौका लगाया। फ्री हिट का भी उन्होंने फायदा उठाया और पॉइंट की दिशा में चार रन बटौरे। रही सही कसर उन्होंने तीसरी गेंद पर एक और चौका लगाकर पूरी कर दी और 3 गेंदों के अंदर ही मैच खत्म कर दिया।
मुकेश कुमार को दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी में 8 करोड़ का खरीदा था। टिम डेविड ने 5 गेंदों पर 380 के धुआंधार स्ट्राइक रेट से 3 चौकों और 1 गगनचुंबी छक्के की मदद से 19 रनों की नाबाद पारी खेली।
वहीं आरसीबी की जीत के हीरो क्रुणाल पांड्या रहे जिन्होंने 47 गेंदों पर 73 रन बनाए। उनका साथ इस रनचेज में विराट कोहली ने 51 रनों की पारी खेलकर दिया। कोहली और पांड्या के बीच चौथे विकेट के लिए 119 रनों की साझेदारी हुई थी।