अरविंद चितंबरम ने फिरोजा को हराकर सुपरबेट रैपिड में संयुक्त शीर्ष स्थान हासिल किया
भारतीय ग्रैंडमास्टर अरविंद चितंबरम ने दबाव में अच्छा प्रदर्शन करते हुए ग्रैंड शतरंज टूर के तहत आयोजित ‘सुपरबेट रैपिड एंड ब्लिट्ज टूर्नामेंट’ के रैपिड दौर के आखिरी गेम में फ्रांस के अलिरेजा फिरोजा को मात देकर 11 अंकों के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल कर लिया।

वाइल्ड कार्ड से टूर्नामेंट का टिकट हासिल करने वाले चितंबरम को फिरोजा और स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसेव की बराबरी करने के लिए इस मुकाबले में जीत की जरूरत थी। उन्हें भाग्य का भी साथ मिला क्योकि फ्रांस के खिलाड़ी ने थोड़ी जल्दी हार मान ली।
फिरोजा के पास इस मुकाबले को बराबरी पर रोकने का मौका था। आर प्रज्ञानानंदा ने अंतिम दो राउंड में रोमानिया के डेविड गैवरिल्सकू और डूडा पर जीत के साथ शानदार वापसी की और 10 अंक के साथ संयुक्त रूप से चौथे पायदान पहुंच गये।
फ्रांस के मैक्सिम वचियर-लाग्रेव नौ अंकों के साथ उनसे बहुत पीछे नहीं हैं, जो रोमानिया के डेक बोगदान डैनियल और डुडा से एक अंक आगे हैं। गवरिलस्कू दस खिलाड़ियों के टूर्नामेंट में सात अंकों के साथ नौवें स्थान पर हैं, जो पूर्व विश्व चैंपियन वेसेलिन टोपालोव से दो अंक अधिक हैं।
इस टूर के पहले आयोजन में ब्लिट्ज वर्ग के 18 मुकाबले बाकी है। अरविंद ने दिन की शुरुआत डुडा पर जीत के साथ की। उन्हें इसके बाद आठवें दौर के मैच में वाचियर-लाग्रेव से हार मिली। इस हार से उनका हौसला कम नहीं हुआ और उन्होंने फिरोजा पर जीत के साथ शीर्ष स्थान सुनिश्चित की।
इस टूर में खिलाड़ियों को जीत के लिए दो अंक और ड्रॉ पर एक अंक मिलता है। प्रज्ञानानंदा शुरुआती छह गेम के बाद पांच अंक के साथ पिछड़ रहे थे लेकिन उन्होंने वाचियर-लाग्रेव को बराबरी पर रोकने के बाद आखिरी दो गेम को जीतकर मजबूत वापसी की।