Trending

पराग की तूफानी पारी बेकार, केकेआर ने एक रन से मारी बाजी

आंद्रे रसल (नाबाद 57), अंगकृष रघुवंशी (44) और रहमानउल्लाह गुरबाज (35) रनों की पारियों के बाद गेंदबाजों के जूझारू प्रदर्शन से कोलकाता नाइटराइडर्स ने आईपीएल के 53वें मुकाबले में रविवार को राजस्थान रॉयल्स को एक रन से हराया।

AFP/Getty Images

207 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत काफी खराब रही और उसने आठ के स्कोर पर अपने दो विकेट गवां दिये। वैभव सूर्यवंशी (चार) और कुणाल सिंह राठौड (शून्य) पर आउट हुये।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान रियान पराग ने यशस्वी जायसवाल के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी की। सातवें ओवर में मोईन अली ने यशस्वी को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। यशस्वी ने 21 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाये।

अगले ही ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने ध्रुव जुरेल (शून्य) और वानिंदु हसरंगा (शून्य) को बोल्ड कर राजस्थान को संकट में डाल दिया। शिमरॉन हेटमायर ने रियान पराग के साथ पारी को संभाला।

दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 92 रन जोड़ कर राजस्थान की उम्मीदों को जिंदा रखा। 16वें ओवर में हर्षित राणा ने शिमरॉन हेटमायर (29) को और 18वें ओवर में रियान पराग को आउटकर कोलकाता की मैच में वापसी कराई।

रियान पराग ने आठ छक्के और छह चौके लगाते हुए (95) रनों की तूफानी पारी खेली। इसके बाद शुभम दुबे और जोफ्रा आर्चर आक्रामक बल्लेबाज का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत की दहलीज तक ले गये पर मैच की आखिरी गेंद पर जोफ्रा रनआउट हो गये और राजस्थान रॉयल्स निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 205 रन ही बना सकी और एक रन से मुकाबला हारी।

जोफ्रा आर्चर आठ गेंदों में (12) रन बनाकर आउट हुये वहीं शिवम दुबे ने 14 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 25) रनों की पारी खेली। केकेआर से हर्षित राणा, वरूण चक्रवर्ती और मोईन अली ने दो-दो विकेट लिये। वैभव अरोड़ा ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

केकेआर कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइटराइडर्स की शुरुआत खराब रही और उसने सुनील नारायण (11) का विकेट गवां दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान अजिंक्य राहणे ने रहमानउल्लाह गुरबाज के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया।

आठवें ओवर में महेश तीक्षणा ने अजिक्य राहणे को आउटकर कोलकाता को दूसरा झटका दिया। राहणे ने 24 गेंदों में दो छक्के एक चौका लगाते हुए (30) रन बनाये। कोलकाता का तीसरा विकेट रहमानउल्लाह गुरबाज 25 गेंदों में (35) के रूप में गिरा।

जोफ्रा आर्चर ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर अंगकृष रघुवंशी 31 गेंदों में (44) को आउट किया। रिंकू सिंह ने आखिरी छह गेंदों में (नाबाद19) रन ठोके।

वहीं आंद्रे रसल ने 35 गेंदों में छह छक्के और चार चौकों की मदद से (नाबाद 57) रनों की पारी खेली। कोलकाता ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 206 रनों का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया। राजस्थान से जोफ्रा आर्चर, युद्धवीर सिंह चरक, महीश तीक्षणा और रियान पराग ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।