Trending

आर्सेनल को हराकर पीएसजी चैंपियंस लीग के फाइनल में, इंटर मिलान से होगी टक्कर

दिग्गज यूरोपीय फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन दूसरी बार चैंपियंस लीग टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गया है। बुधवार रात उसने आर्सेनल को सेमीफाइनल के दूसरे चरण में 2-1 से हरा दिया। इस तरह उसने 3-1 के कुल स्कोर के साथ जीत हासिल करके शान से फाइनल में जगह बनाई।

@ChampionsLeague

अब उसका सामना अपने पहले खिताब के लिए इंटर मिलान से होगा। उसने दूसरे सेमीफाइनल में बार्सिलोना को हराकर सातवीं बार फाइनल का टिकट कटाया है।

पीएसजी ने एक के बाद एक हमलों का डटकर सामना करते हुए आक्रामक अंदाज में खेल दिखाया। सेमीफाइनल के पहले चरण में 1–0 से जीत हासिल करने वाली पीएसजी टीम को शुरू में गेंद पर कब्जा करने के लिए संघर्ष करना पड़ा, लेकिन जवाबी हमलों और गोलकीपर जियानलुइगी डोनारुम्मा के शानदार प्रदर्शन से उसने 2006 की फाइनलिस्ट आर्सेनल की टीम को शिकस्त देकर दूसरी बार फाइनल में पहुंचने का उसका सपना तोड़ दिया। पीएसजी पांच साल पहले उपविजेता रहा था।

उसने सुपरस्टार किलियन एमबापे के रियाल मैड्रिड से जुड़ने के बाद पहले सत्र में ही यह कारनामा किया। फ्रांस का यह क्लब 31 मई को म्यूनिख में होने वाले फाइनल में इंटर मिलान से भिड़कर अपने पहले चैंपियंस लीग खिताब के लिए फिर से प्रयास करेगा।

तीन बार के यूरोपीय चैंपियन इंटर मिलान ने प्रतियोगिता के इतिहास के सबसे रोमांचक सेमीफाइनल में से एक में बार्सिलोना को 7-6 के कुल स्कोर से पराजित किया था।

आर्सेनल के खिलाफ पीएसजी की तरफ से फैबियन रुइज ने 27वें मिनट में पहला गोल किया। अचरफ हकीमी ने 72वें मिनट मे स्कोर 2-0 कर दिया। इसके चार मिनट बाद बुकायो साका ने आर्सेनल की तरफ से एकमात्र गोल करके अंतर कम किया। लेकिन उसके टीम बराबरी का गोल नहीं कर सकी।