Trending

पीसीबी का बड़ा फैसला: PSL 2025 के शेष मुकाबले दुबई में

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान सुपर लीग 2025 के बाकी बचे मैचों को देश के बाहर आयोजित करने का फैसला किया है। पीसीबी ने पीएसएल को पाकिस्तान से दुबई शिफ्ट करने का फैसला किया है।

साभार : गूगल

पीएसएल के 10वें सीजन के 8 मुकाबले अभी बाकी हैं, जिनमें चार प्लेऑफ्स के मैच हैं और चार लीग मैच हैं। भारत और पाकिस्तान के सैन्य टकराव के बीच पीसीबी ने इस टूर्नामेंट को यूएई शिफ्ट करने का फैसला किया है।

पीसीबी ने इस निर्णय के लिए अवांछित परिस्थितियों का हवाला दिया, जिसमें सीमा पार ड्रोन हमले और तोपखाने का आदान-प्रदान शामिल है, जिससे खिलाड़ियों, कर्मचारियों और प्रशंसकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं पैदा हो गई हैं।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को इस्लामाबाद में एक आपातकालीन बैठक की, जिसमें पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने विदेशी खिलाड़ियों के साथ बैठक की। विदेशी खिलाड़ी जल्द से जल्द पाकिस्तान छोड़ना चाहते थे।

पीएसएल 2025 के चार लीग मैच और प्लेऑफ्स के बीच मूल रूप से रावलपिंडी, मुल्तान और लाहौर में होने वाले थे। हालांकि, 8 मई को रावलपिंडी में खेला जाने वाला मैच पोस्टपोन करना पड़ा था, क्योंकि स्टेडियम में ड्रोन हमले की सूचना थी।

शीर्ष खुफिया सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय गुरुवार को भारत द्वारा पाकिस्तान पर ड्रोन हमला करने के बाद लिया गया, जिसमें से एक रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम पर हुआ। पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने एक बयान में कहा कि लीग में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों की मानसिक भलाई सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा, “अतीत की तरह, हमें उम्मीद है कि हमारे हितधारक टूर्नामेंट, हमारे खिलाड़ियों और प्रशंसकों के सर्वोत्तम हितों को आगे बढ़ाने के लिए हमारे साथ एकजुट होंगे।” पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की तरफ से भी आधिकारिक बयान पीएसएल को शिफ्ट किए जाने पर आ चुका है। उधर, आईपीएल 2025 का मैच भी गुरुवार की रात ब्लैकआउट के कारण रोक दिया गया था।