आरसीबी बनाम एलएसजी मैच टला, टिकटों के पैसे होंगे वापस
एक हफ्ते के लिए आईपीएल 2025 को स्थगित कर दिया गया है। इसके चलते नौ मई को लखनऊ में होने वाला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स का मैच भी स्थगित हो गया है।

इसके बाद आरसीबी और एलएसजी मैच के टिकटों के पैसे लौटाए जा रहे हैं। लखनऊ से मिली जानकारी के मुताबिक आज और स्टेडियम के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा सभी 10 फ्रेंचाइजी और प्रमुख हितधारकों को इस फैसले के बारे में सूचित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव के कारण आईपीएल को शुक्रवार को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया। बीसीसीआई ने कहा कि जब देश आतंकी हमले का जवाब देने के साथ सरहद पार से अनुचित आक्रमण का सामना कर रहा है, ऐसे में राष्ट्रहित सर्वोपरि है।
जम्मू और पठानकोट में हवाई हमले की चेतावनी के बाद धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच गुरुवार का मैच बीच में ही रद्द होने के बाद से मौजूदा आईपीएल के भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे थे। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक विज्ञप्ति में कहा कि, बीसीसीआई ने आईपीएल के बाकी मैच तुरंत प्रभाव से एक सप्ताह के लिए स्थगित करने का फैसला किया है।
पहले यह बताया गया था कि आईपीएल अनिश्चितकाल के लिये स्थगित कर दिया गया है। इसमें कहा गया कि नए कार्यक्रम और टूर्नामेंट के आयोजन के बारे में सूचना समय आने पर दी जाएगी। इससे पहले संबंधित अधिकारियों और हितधारकों के साथ हालात की व्यापक समीक्षा की जाएगी।
आईपीएल के स्थगित होने के बाद लखनऊ सुपर जाइंट्स ने अपने सोशल मीडिया पेज पर लिखा, ‘देश सबसे पहले।’ वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स ने लिखा, ‘हमारी ढाल भारतीय सैन्यबल। देश सबसे पहले।’
भारत ने 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले के एक पखवाड़े बाद पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादियों के ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे। हवाई हमले के अलार्म और जम्मू में विस्फोट जैसी आवाजों की खबरों के बीच गुरुवार को भारत के कई जिलों में ब्लैकआउट लागू कर दिया गया।