आतंकी हमलों का साया: पीएसएल को यूएई में जगह मिलना मुश्किल
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के चलते पाकिस्तान सुपर लीग के बचे हुए मैच दुबई में कराने की पीसीबी की योजना खटाई में पड़ सकती है। असल में भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव को देखते हुए इस बात की संभावना बेहद कम है कि अमीरात क्रिकेट बोर्ड इसे मंजूर करेगा।

इसके पीछे यूएई के भारत और बीसीसीआई से दोस्ताना रिश्ते हैं। यूएई इन रिश्तों को खराब नहीं करना चाहता। अमीरात क्रिकेट बोर्ड के सूत्रों ने संकेत दिया है कि बोर्ड पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के ऐसे किसी भी अनुरोध को खारिज कर सकता है।
गौरतलब है कि पीसीबी पहले ही ऐलान कर चुका है कि पीएसएल यूएई में होगा। सूत्र ने इसके लिए सुरक्षा कारणों का हवाला दिया है। माना जाता है कि हालिया घटनाक्रम के मद्देनजर अमीरात क्रिकेट बोर्ड यह संकेत नहीं देना चाहता कि वह पीसीबी का मददगार है और पीएसएल की मेजबानी से ऐसा ही संकेत जाएगा।
सूत्र ने कहा कि अमीरात क्रिकेट बोर्ड के हाल ही के कुछ वर्षों में बीसीसीआई से मजबूत रिश्ते रहे हैं। इसने टी20 विश्व कप 2021 और चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान भारत के मैचों के अलावा आईपीएल की भी मेजबानी की है। दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का मुख्यालय भी है, जिसके अध्यक्ष बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह हैं।
सूत्र ने कहा कि यूएई में काफी तादाद में दक्षिण एशियाई हैं जिन्हें क्रिकेट काफी पसंद है। इतने तनाव के बीच पीएसएल की मेजबानी करने से समरसता बिगड़ सकती है, सुरक्षा को लेकर खतरा हो सकता है और दोनों समुदायों के बीच अनावश्यक तनाव हो सकता है।
पीसीबी ने सुबह ही कहा था कि पीएसएल के बाकी आठ मैच यूएई में होंगे जो रावलपिंडी, मुल्तान और लाहौर में होने थे।
पहलगाम में 22 अप्रैल के आतंकवादी हमले की जवाबी कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए थे। पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे जिनमें अधिकांश पर्यटक थे।
इसके बाद पाकिस्तान ने दु:साहस दिखाते हुए भारत के कई शहरों पर हमले किए। हालांकि भारतीय सैन्य बलों ने इन सभी हमलों को नाकाम करते हुए पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है।