इंग्लैंड ने बढ़ाया मदद का हाथ, क्या भारत से बाहर होगा आईपीएल 2025?
भारत- पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव के चलते आईपीएल को एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया था, जिसके बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि अगर आईपीएल 2025 के शेष मैच भारत में आयोजित नहीं हो सके थे तो फिर बीसीसीआई के पास क्या विकल्प मौजूद होंगे।

पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन ने इंग्लैंड में आईपीएल के मैचों को करवाने का ऑफर दिया था, जिसके बाद मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई से टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर बातचीत की है।
एक इंग्लिश मैगजीन के मुताबिक शुक्रवार की शाम को ईसीबी ने बीसीसीआई से कॉन्टैक्ट किया। हालांकि इसको लेकर बीसीसीआई से कोई बयान नहीं आया है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि आईपीएल 2025 को तत्काल प्रभाव से एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया है।
बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारियों और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने सभी प्रमुख हितधारकों के साथ परामर्श के बाद आईपीएल को एक सप्ताह के लिए स्थगित करने का फैसला लिया गया। बैठक में आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल भी थे।
जम्मू और पठानकोट में हवाई हमले की चेतावनी के बाद धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच गुरुवार का मैच बीच में ही रद्द होने के बाद से मौजूदा आईपीएल के भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे थे।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक विज्ञप्ति में कहा ,‘‘बीसीसीआई ने आईपीएल के बाकी मैच तुरंत प्रभाव से एक सप्ताह के लिये स्थगित करने का फैसला किया है।’’ पहले यह बताया गया था कि आईपीएल अनिश्चितकाल के लिये स्थगित कर दिया गया है ।
इसमें कहा गया ,‘‘ नये कार्यक्रम और टूर्नामेंट के आयोजन के बारे में सूचना समय आने पर दी जायेगी । इससे पहले संबंधित अधिकारियों और हितधारकों के साथ हालात की व्यापक समीक्षा की जायेगी।’’
लीग 25 मई को कोलकाता में खत्म होने वाली थी। बोर्ड बाकी 16 मैच (12 लीग और चार नॉकआउट) सही समय पर कराने की कोशिश करेगा। ऐसी अटकलें हैं कि सितंबर महीने में होने वाला एशिया कप रद्द किया जाता है तो यह एक विकल्प हो सकता है।’