भारत-पाकिस्तान के बीच सीधी बातचीत का अमेरिका ने किया समर्थन, पहले रखा था मध्यस्थता का प्रस्ताव

India-Pak Conflict: भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद अमेरिका ने कश्मीर मुद्दे पर भी भारत और पाकिस्तान के सामने मध्यस्थता का प्रस्ताव रखा था, जिसे भारत ने ठुकरा दिया. अब अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान के बीच सीधी बातचीत का समर्थन किया है. अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस के मुताबिक, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी से बात की और भारत-पाकिस्तान मुद्दे पर चर्चा की. दोनों नेताओं ने सीजफायर को बनाए रखने और दोनों देशों के बीच बातचीत की संभावनाओं के महत्व पर जोर दिया.

रुबियो ने दोहराई समर्थन की बात

सचिव रुबियो ने भारत और पाकिस्तान के बीच सीधी बातचीत के लिए अमेरिका के समर्थन की बात दोहराई. साथ ही द्विपक्षीय संचार को मजबूत करने के लिए चल रही कोशिशों पर भी बल दिया. ब्रिटिश विदेश मंत्री से ये बात रुबियो ने शनिवार को भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से फोन पर बातचीत के बाद की. यह बातचीत भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई है. जयशंकर ने शनिवार को कहा, “आज सुबह अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत हुई. भारत का दृष्टिकोण हमेशा से ही संतुलित और जिम्मेदाराना रहा है और आगे भी ऐसा ही रहेगा.”