मबाप्पे की हैट्रिक बेकार, बार्सिलोना ने रोमांचक मुकाबले में रियल मैड्रिड को हराया
ला लीगा में बार्सिलोना ने रियल मैड्रिड को 4-3 से हराकर खिताब की तरफ मजबूत कदम बढ़ा दिए। इस जीत के साथ बार्सिलोना ने तालिका में मैड्रिड पर सात अंकों की बढ़त बनाई और तीन मैच बाकी हैं। रियल मैड्रिड से किलियन मबाप्पे ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई, लेकिन बार्सिलोना से राफिन्हा के दो गोल और लामिन यमाल व एरिक गार्सिया के एक-एक गोल ने मैच का पासा पलट दिया।

चैंपियंस लीग से बाहर होने के बाद यह मैच बार्सिलोना के लिए ‘करो या मरो’ जैसा था, लेकिन कोच हैंसी फ्लिक टीम ने शानदार वापसी करते हुए चौथे क्लासिको में भी जीत दर्ज की। रियल मैड्रिड ने दमदार शुरुआत की और चौथे मिनट में मबाप्पे ने पेनल्टी पर गोल करके टीम को बढ़त दिलाई। यह पेनल्टी तब मिली जब गोलकीपर वोज्शेच शेचनी ने मबाप्पे को गिराया, बार्सिलोना ने ऑफसाइड की मांग की थी।
14वें मिनट में मबाप्पे ने दूसरा गोल किया, जिससे मैड्रिड ने 2-0 की बढ़त बनाई। यह उनका 26वां लीग गोल था, जिससे उन्होंने रॉबर्ट लेवांडोव्स्की को पीछे छोड़ते हुए टॉप स्कोरर बन गए। मैड्रिड की बढ़त ज्यादा देर कायम नहीं रही। राफिन्हा ने दो मिनट बाद ही गोल दागा, फिर पहले हाफ के अंतिम क्षणों में उन्होंने लुकास वाज़क्वेज़ से गेंद छीनकर दूसरा गोल भी कर डाला। लामिन यमाल ने भी मैच में शानदार खेल दिखाया।
उन्होंने एक गोल भी किया, जबकि एक हैडर पर राफिन्हा को शानदार क्रॉस दिया जो गोल में तब्दील नहीं हो सका। दूसरे हाफ में मबाप्पे ने विनीसियस जूनियर की सहायता से तीसरा गोल करते हुए हैट्रिक पूरी की, लेकिन बार्सिलोना की डिफेंस और मिडफील्ड ने इसके बाद कोई बड़ी चूक नहीं की। विक्टर मुनोज के पास अंत में स्कोर बराबर करने का मौका था, लेकिन उन्होंने गेंद ऊपर मार दी।