Trending

गावस्कर की बीसीसीआई से गुहार : आईपीएल के बचे हुए मैच हों शांत और गरिमामय

भारत-पाक सैन्य टकराव के कारण आईपीएल 2025 को स्थगित कर दिया गया था। दोनों देशों में सीजफायर होने के बाद आईपीएल फिर से शुरू होने जा रहा है। 17 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स मैच से इसकी शुरुआत होगी।

साभार : गूगल

आईपीएल का 18वां सीजन आखिरी चरण में है और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने बीसीसीआई से एक खास गुहार लगाई है। गावस्कर ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड से अनुरोध किया कि आईपीएल के बचे हुए मैचों को डांसिंग गर्ल, तेज संगीत और डीजे के बिना आयोजित किया जाए क्योंकि कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है।

75 वर्षीय पूर्व भारतीय कप्तान गावस्कर ने एक स्पोर्ट्स चैनल से कहा, ”कुछ मैच बचे हैं। हम लगभग 60 मैच खेल चुके हैं। मुझे लगता है कि 15 या 16 गेम ही बाकी हैं। मैं ईमानदारी से उम्मीद करता हूं कि जो कुछ हुआ और कुछ परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया, उसके मद्देनजर रखते हुए कोई म्यूजिक नहीं होना चाहिए।

ओवर के बीच में डीजे ना चिल्लाएं।” उन्होंने आगे कहा, “ऐसा कुछ नहीं होना चाहिए। सिर्फ मैच होने दीजिए। दर्शकों को आने दें। बस टूर्नामेंट हो। इसमें कोई डांसिंग गर्ल्स नहीं हों, कुछ भी नहीं। सिर्फ क्रिकेट उन परिवारों की भावनाओं का सम्मान करने का एक अच्छा तरीका होगा, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।”

बता दें कि बीसीसीआई मौजूदा सत्र के बाकी मैचों को छह स्थानों पर आयोजित करने का फैसला किया है। संशोधित शेड्यूल के अनुसार फाइनल तीन जून को होगा, जो पहले 25 मई को खेला जाना था। आठ मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच रद्द होने के बाद आईपीएल को रोक दिया गया था, जब पाकिस्तान ने चंडीगढ़ के पास भारतीय हवाई क्षेत्र में घुसपैठ करने की कोशिश की थी।