आईपीएल 2025 : प्लेऑफ की राह मुश्किल, विदेशी खिलाड़ियों की वनडे ड्यूटी बनी रोड़ा
इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। इसका असर आईपीएल 2025 में अंग्रेज खिलाड़ियों की मौजूदगी पर पड़ सकता है। इंग्लैंड के जोस बटलर, जैकब बेथेल और विल जैक्स आईपीएल के सबसे अहम चरण प्लेऑफ में शायद ही दिखें क्योंकि वे इंग्लैंड टीम का हिस्सा हैं।

इसी तरह वेस्टइंडीज के रोमारियो शेफर्ड (आरसीबी) और शरफेन रदरफोर्ड (गुजरात टाइटंस) का भी यही हाल है। भारत-पाक के बीच पिछले हफ्ते जब तनाव चरम पर पहुंचा और आईपीएल को स्थगित करने का ऐलान हुआ, तभी कई विदेशी खिलाड़ी अपने-अपने देश लौट गए।
जल्द ही बीसीसीआई ने साफ किया कि आईपीएल को सिर्फ कुछ दिनों के लिए स्थगित हुई है। बाद में बाकी के मैचों का शेड्यूल भी जारी हो गया। उसके बाद धीरे-धीरे विदेशी खिलाड़ी लौटने लगे हैं लेकिन आईपीएल की री-शेड्यूलिंग से कुछ देशों का कैलेंडर क्लैश कर रहा है। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच 3 वनडे मैच की सीरीज 29 मई से शुरू हो रहा है और बदले शेड्यूल के साथ आईपीएल का प्लेऑफ भी 29 मई से ही शुरू हो रहा। शनिवार से आईपीएल 2025 बहाल हो रहा है।
अब ग्रुप स्टेज के मैच 27 मई तक चलेंगे। बटलर, बेथेल और विल जैक्स ग्रुप स्टेज के मैचों के लिए भारत लौट सकते हैं। एक क्रिकेट साइट ने तो अपनी एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया है कि बेथेल आईपीएल के ग्रुप स्टेज के लिए भारत आ रहे हैं। जोश बटलर गुजरात टाइटंस, जैकब बेथेल आरसीबी और विल जैक्स मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हैं।
इंग्लैंड के ही जोफ्रा आर्चर राजस्थान रॉयल्स और जैमी ओवर्टन चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा है। लेकिन ये दोनों टीमें पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी हैं। बेथेल की तरह इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन और फिल सॉल्ट भी आरसीबी के लिए खेलते हैं। लेकिन ये दोनों आईपीएल का बाकी हिस्सा भी खेलेंगे क्योंकि इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी वनडे टीम में उन्हें जगह नहीं दी है।