दिल्ली कैपिटल्स के लिए अच्छी खबर, प्लेसिस, ट्रिस्टन व मुस्तफिजुर रहमान टीम में शामिल
शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स मैनेजमेंट ने बताया कि फाफ डु प्लेसिस और ट्रिस्टन स्टब्स आईपीएल 2025 के बचे हुए मैचों के लिए टीम के साथ फिर से जुड़ गए हैं। दिल्ली ने आईपीएल 2025 के बचे हुए मैचों के लिए साउथ अफ्रीका के फाफ डु प्लेसिस और ट्रिस्टन स्टब्स के फिर से टीम से जुड़ने का ऐलान किया।

टीम की तरफ से यह भी बताया गया कि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टॉर्क और साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर डोनोवोन फेरेरिया उपलब्ध नहीं हैं। बयान में डीसी ने स्टार्क और फेरेरिया के आईपीएल के बाकी मैचों के लिए भारत न लौटने के उनके फैसले को सपोर्ट किया है। स्टार्क की अनुपलब्धता के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम में जगह दी है।
रहमान भी स्टार्क की तरह ही बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, उन्हें जैक फ्रेजर मैक्गर्क की जगह टीम से जोड़ा गया है। मैक्गर्क निजी वजहों से भारत वापस नहीं लौट रहे हैं। मैक्गर्क का वापस न आना दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़ा झटका है। वह मौजूदा समय के विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक हैं। वहीं मुस्तफिजुर रहमान के जुड़ने से टीम की गेंदबाजी खासकर तेज गेंदबाजी मजबूत हुई है।
मैक्गर्क के न आने की वजह से डीसी को रहमान को जोड़ने और स्टार्क की कमी को पूरा करने का मौका मिल गया। मुस्तफिजुर रहमान मेगा ऑक्शन में थे। लेकिन अन्य बांग्लादेशी खिलाड़ियों की तरह रहमान को भी तब किसी टीम ने नहीं खरीदा था। मुस्तफिजुर रहमान पिछले सीजन सीएसके का हिस्सा थे। वे 2016 से आईपीएल खेल रहे हैं और अब तक 57 मैचों में 61 विकेट हासिल कर चुके हैं।
रहमान 2022-2023 सीजन में डीसी का हिस्सा रह चुके हैं। दिल्ली ने इस सीजन की शुरुआत शानदार तरीके से की थी और प्लेऑफ में उसका पहुंचना तय माना जा रहा था लेकिन पिछले 5 मैच इस टीम के लिए अच्छे नहीं रहे हैं और अब टीम पर अंतिम-4 से बाहर होने का भी खतरा है। डीसी के 11 मैचों में 6 जीत और 4 हार के बाद 13 अंक है। एक मैच का बारिश के कारण कोई नतीजा नहीं निकला था इसलिए एक अंक टीम को मिल गया था। डीसी अंक तालिका में 5वें स्थान पर है।