Trending

आईपीएल 2025 : आरसीबी का अहम मैच लखनऊ शिफ्ट, यहां होंगे प्लेऑफ और फाइनल

आईपीएल से जुड़ी इस समय की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। बीसीसीआई ने दक्षिण भारत में प्रतिकूल मौसम के चलते एक बड़ा निर्णय लिया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाला अंतिम घरेलू मैच अब लखनऊ के इकाना में स्थानांतरित कर दिया गया है। यह मुकाबला शुक्रवार, 23 मई को निर्धारित था।

साभार : गूगल

इसका मतलब यह है कि आरसीबी अब सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपना मैच और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना अंतिम लीग मैच क्रमशः 23 और 27 मई को इकाना स्टेडियम, लखनऊ में खेलेगी। प्लेऑफ मुकाबलों को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। आईपीएल 2025 के फाइनल को लेकर भी जानकारी सामने आई।

ताज़ा शेड्यूल के अनुसार, फाइनल अब 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मंगलवार को बीसीसीआई की कई बैठकों के दौरान यह निर्णय लिया गया। यह भी समझा जा रहा है कि अहमदाबाद 1 जून को क्वालिफायर-2 की भी मेजबानी करेगा।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है, जिसकी दर्शक क्षमता 1 लाख 32 हजार है। यह स्टेडियम इससे पहले भी कई अहम आईपीएल मुकाबलों की मेजबानी कर चुका है। आईपीएल 2022 के फाइनल में गुजरात टाइटन्स ने इसी मैदान पर राजस्थान रॉयल्स को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

वहीं, 2023 के फाइनल में बारिश के कारण मुकाबला दो दिन तक चला था, लेकिन तब भी फाइनल की मेजबानी नरेंद्र मोदी स्टेडियम ने ही की थी। उस मैच में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटन्स को हराकर पांचवीं बार आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।

ध्यान देने वाली बात यह है कि भारत-पाक के बीच हाल ही में बढ़े तनाव के चलते बीसीसीआई को आईपीएल 2025 को एक सप्ताह के लिए स्थगित करना पड़ा था। इस अस्थायी रोक के बाद लीग की दोबारा शुरुआत 17 मई से हुई। स्थिति को संभालते हुए बीसीसीआई ने पूरे टूर्नामेंट के शेड्यूल में बदलाव किया, जिसके चलते अब फाइनल मुकाबला 25 मई की जगह 3 जून को खेला जाएगा।

आईपीएल 2025 प्लेऑफ शेड्यूल

क्वाल‍िफायर 1: 29 मई, मुल्लांपुर, न्यू चंडीगढ़

एलिमिनेटर: 30 मई, मुल्लांपुर, न्यू चंडीगढ़

क्वाल‍िफायर 2: 1 जून, अहमदाबाद

फाइनल: 3 जून, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद