मैच के समय में बदलाव से टीमों में असंतोष, KKR ने जताई आपत्ति
आईपीएल 2025 के आखिरी फेज में बीसीसीआई ने एक नियम बदला है। ये नियम मैच की टाइमिंग से जुड़ा है। इसका नुकसान कोलकाता नाइट राइडर्स को भुगतना पड़ा है, जो प्लेऑफ्स की रेस से बाहर हो गई। यही वजह है कि केकेआर ने अब बीसीसीआई को ईमेल लिखकर अपनी निराशा जाहिर की है।

बीसीसीआई ने आईपीएल की प्लेइंग कंडीशन्स में एक बदलाव किया और मैच को पूरा करने के लिए अतिरिक्त 60 मिनट दिए हैं। हालांकि, इस नियम से केकेआर नाखुश है, क्योंकि इसका खामियाजा वे भुगत चुके हैं। रिपोर्ट की मानें तो केकेआर ने बीसीसीआई को पत्र लिखकर मैच ड्यूरेशन बढ़ाने को लेकर सवाल उठाए हैं।
आईपीएल के सीओओ हेमांग अमीन को कोलकाता नाइट राइडर्स के सीईओ वेंकी मैसूर को ईमेल के जरिए बताया, “अगर इन परिस्थितियों में नियमों में मिड सीजन में किए गए ये बदलाव आवश्यक हो सकते हैं, फिर भी ऐसे बदलावों को लागू करने के तरीके में अधिक एकरूपता की अपेक्षा की जा सकती है।”
केकेआर अधिकारी का तर्क था कि अगर ऐसा विस्तार पहले किया गया होता, तो 17 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ उनका मैच बारिश की भेंट नहीं चढ़ता। उन्हें लगता है कि अतिरिक्त समय की वजह से पांच ओवर का खेल हो सकता था।
केकेआर ने सीईओ ने कहा, “जब आईपीएल रीस्टार्ट हुआ (17 मई को), तो यह स्पष्ट था कि 17 मई को केकेआर बनाम आरसीबी का पहला मैच बैंगलुरू में बारिश के कारण बाधित होने का बड़ा जोखिम था। पूर्वानुमान सभी के सामने था। ना केवल गेम धुला, बल्कि अब लागू किए जा रहे अतिरिक्त 120 मिनट कम से कम 5 ओवर के खेल का मौका भी गंवा दिया।”
बारिश के कारण मैच रद्द होने की वजह से कोलकाता नाइट राइडर्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। फिलहाल वे 13 मैचों में 12 अंकों के साथ छठे स्थान पर हैं और वे अधिकतम 14 अंक तक पहुंच सकते हैं। इस सीजन में उनके दो मैच बारिश के कारण रद्द हो चुके हैं।
मैसूर ने आगे कहा, “बारिश के कारण केकेआर के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना खत्म हो गई। इस तरह के तदर्थ निर्णय और उन्हें लागू करने में असंगतता इस स्तर के टूर्नामेंट के लिए उचित नहीं है। मुझे यकीन है कि आप भी समझते होंगे कि हम क्यों दुखी हैं।”
केकेआर ही नहीं, कुछ अन्य टीमें भी इस नियम के लागू होने से खुश नहीं हैं। मंगलवार 20 मई को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग हुई, जिसमें तय हुआ कि 20 मई के बाद से हर एक मैच के लिए अतिरिक्त एक घंटे का समय होगा। नियमों में ये बदलाव उस समय हुआ, जब 70 में से 62 लीग मैच खेले जा चुके थे। अपडेट किए गए नियम के अनुसार, शाम 7:30 बजे शुरू होने वाला मैच अब बिना किसी ओवर की कटौती के रात 9:30 बजे तक शुरू हो सकता है।