Trending

दिग्वेश राठी के बैन का बदला: आकाश महाराज सिंह ने जोस बटलर को चलता कर मनाया ‘नोटबुक’ सेलिब्रेशन

ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जाएंट्स ने गुजरात टाइटंस पर 33 रनों से जीत दर्ज की। 19 अप्रैल के बाद टीम को यह पहली जीत नसीब हुई है। लखनऊ के लिए यह सीजन कुछ खास नहीं रहा, कप्तान समेत कई सीनियर खिलाड़ियों का प्रदर्शन फीका रहा।

साभार : गूगल

कुछ खिलाड़ियों ने अच्छा परफॉर्म किया, मगर अपने आक्रामक रवैये की वजह से दिग्वेश राठी जैसे खिलाड़ी को बैन भी होना पड़ा। दिग्वेश ने सीजन की शुरुआत से ही अपने नोटबुक सेलिब्रेशन से सुर्खियां बटोरी थी, बीसीसीआई ने बल्लेबाज को उकसान के लिए उनपर फाइन भी लगाया था, मगर वह नहीं माने थे।

अब जब बीसीसीआई ने अभिषेक शर्मा से हुई भिड़ंत के बाद उनपर एक मैच का बैन लगाया तो लखनऊ के दूसरे खिलाड़ी ने नोटबुक सेलिब्रेशन कर बीसीसीआई से मजे लिए। यह खिलाड़ी और कोई नहीं बल्कि लखनऊ सुपर जाएंट्स के 23 वर्षीय आकाश महाराज सिंह हैं। आकाश ने नोटबुक सेलिब्रेशन जोस बटलर के विकेट के बाद किया।

पारी के 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने बटलर को क्लीन बोल्ड किया था। यह लखनऊ के लिए काफी बड़ा विकेट था। बटलर 18 गेंदों पर 3 चौके और 2 गगनचुंबी छक्कों के साथ 33 रन बनाकर आउट हुए। बटलर का विकेट लेने के बाद आकाश ने दिग्वेश राठी स्पेशल नोटबुक सेलिब्रेशन किया।

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी लखनऊ सुपर जाएंट्स ने मिचेल मार्श के शतक के दम पर निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट पर 235 रन बोर्ड पर लगाए। इस स्कोर का पीछा करने उतरी मेजबान टीम 9 विकेट पर 202 ही रन बना सकी। लखनऊ ने यह मैच 33 रनों से जीता।