Trending

मैकटोमिने और लुकाकू के गोल से नेपोली बना सीरी ए चैंपियन

नेपोली ने स्कॉट मैकटोमिने और रोमेलु लुकाकू के गोल से इटली की शीर्ष घरेलू फुटबॉल लीग सीरी ए में कैग्लियारी पर 2-0 की जीत के साथ तीन साल में अपना दूसरा खिताब हासिल किया। नेपोली के कोच एंटोनियो कोन्टे साथ ही तीन अलग-अलग टीमों के साथ सीरी ए चैंपियनशिप जीतने वाले पहले कोच बन गए।

@SerieA_EN

मैकटोमिने ने मध्यांतर से पहले (42वें मिनट में) एक्रोबैटिक बाइसिकल किक से गोल किया जबकि लुकाकू ने 51 मिनट में गोल करके टीम की बढ़त को दोगुना किया। नेपोली ने एक अंक के अंतर से इंटर मिलान को पछाड़कर यह खिताब जीता। नेपोली के 38 मैचों में 24 जीत से 82 अंक है जबकि मिलान के नाम इतने ही मैच और जीत से 81 अंक है।

मिलान ने कोमो को 2-0 से हराया लेकिन यह टीम को खिताब दिलाने के लिए काफी नहीं था। नेपोली के कप्तान जियोवानी डि लोरेंजो ने इस खिताब का श्रेय कोच कोन्टे को देते हुए कहा, ‘‘ इसमें सभी ने योगदान दिया लेकिन सबसे अधिक योगदान कोच का था।’’

कोन्टे के कोच रहते युवेंटस और इंटर मिलान ने सीरी ए खिताब जीते हैं जबकि उनकी देखरेख में चेल्सी प्रीमियर लीग चैंपियन बना है। कोन्टे ने इस सभी खिताबों की तुलना में नेपोली के चैंपियन बनने को सबसे अप्रत्याशित करार दिया। नेपोल का यह चौथा सीरी ए खिताब है। दिग्गज डिएगो माराडोना ने 1987 और 1990 में नेपोली को उसके शुरुआती दो खिताब दिलाए थे। विक्टर ओसिमेन और ख्विचा क्वारात्सखेलिया की मौजूदगी वाली 2023 की टीम ने पांच राउंड शेष रहते ही खिताब जीता।