Trending

पूर्व विश्व नंबर 1 श्रीकांत का शानदार प्रदर्शन, फाइनल में पहुंचे

पूर्व विश्व नंबर 1 भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने शनिवार को बुकित जलील में मलेशिया मास्टर्स 2025 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जीत हासिल करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। पुरुष एकल मैच में बैडमिंटन रैंकिंग में 65वें स्थान पर काबिज किदांबी ने जापान के 25 वर्षीय युशी तनाका को 49 मिनट में 21-18, 24-22 से हराया।

साभार : गूगल

मैच की शुरुआत में तनाका ने भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पर दबाव बनाना शुरू किया और 9-4 की अहम बढ़त बनाई। इसके बाद श्रीकांत ने अच्छा खेल दिखाते हुए लगातार 4 अंक हासिल किए और स्कोर को 8-9 कर दिया। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और 14-13 के स्कोर तक जापानी शटलर ने बढ़त को अपने हक में रखा।

यहां से श्रीकांत ने आक्रामक रवैया इख्तियार करते हुए कुछ बेहतरीन शॉट्स लगाए और 21-18 से पहले गेम को जीता। पहले गेम की ही तरह दूसरे गेम में भी 25 वर्षीय तनाका ने शुरुआती बढ़त अपने पास रखी और स्कोर को 9-3 से अपने हक में रखा। इसके बाद 32 वर्षीय भारतीय शटलर ने लगातार 7 अंक हासिल करते हुए शानदार वापसी की।

अब स्कोर 10-9 से श्रीकांत के पक्ष में आ गया था। श्रीकांत के शानदार खेल के आगे तनाका ने भी हार नहीं मानी और कुछ अंक बटोरे। अब यह सेमीफाइनल मुकाबला अपने रोमांच पर था और दोनों ही खिलाड़ी एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देते हुए दिखाई दे रहे थे।

21-21 तक स्कोर बराबरी पर था और यहां से दूसरे गेम को कोई भी खिलाड़ी जीत सकता था। हालांकि, श्रीकांत ने दबाव में कमाल का प्रदर्शन करते हुए 24-22 से इसे अपने नाम कर लिया और मुकाबले में जीत दर्ज की। इसी के साथ उन्होंने फाइनल का भी टिकट हासिल कर लिया।

बता दें कि श्रीकांत आखिरी बार बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर के फाइनल में दिसंबर 2021 में स्पेन के हुएल्वा में बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में पहुंचे थे, जहां उन्होंने सिंगापुर के लोह कीन यू से फाइनल में हारने के बाद रजत पदक अपने नाम किया था। यह पहला मौका है, जब कोई भारतीय खिलाड़ी 2025 में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर इवेंट के फाइनल में पहुंचा है।

इससे पहले, श्रीकांत ने एक रोमांचक क्वार्टरफाइनल मुकाबले में दुनिया के 18वें नंबर के खिलाड़ी टोमा जूनियर पोपोव पर जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। श्रीकांत अब सुपर 500 इवेंट में खिताब की दौड़ में बचे हुए एकमात्र भारतीय शटलर हैं। इससे पहले, ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की मिश्रित युगल जोड़ी शुक्रवार को क्वार्टरफाइनल से हार के बाद बाहर हो गई थी।