सनराइजर्स हैदराबाद के कोच डेनियल विटोरी ने मोहम्मद शमी और हर्ष दुबे का किया समर्थन
सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का बचाव किया है। यह स्टार गेंदबाज आईपीएल 2025 में अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन में नाकाम रहा है। 9 मैच में सिर्फ 6 विकेट ही ले पाए।

इंग्लैंड दौरे के लिए भी उन्हें टीम इंडिया में जगह नहीं दी गई है। विटोरी ने कहा कि शमी ने काफी समय बाद टी-20 में वापसी की थी इसलिए वापस ढलने में थोड़ा समय तो लगता है। सनराइजर्स हैदराबाद ने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने अंतिम लीग मैच में 110 रन की बड़ी जीत दर्ज की।
मैच के बाद विटोरी ने शमी का बचाव करते हुए पत्रकारों से कहा, ‘बहुत समय से उन्होंने टी20 क्रिकेट नहीं खेला था इसलिए वापस ढलने में हमेशा थोड़ा समय लगता है और जाहिर है कि पिछले 18 महीनों में खेल बहुत तेजी से आगे बढ़ा है।’ एसआरएच मुख्य कोच ने कहा, ‘बहुत समय से उन्होंने टी20 क्रिकेट नहीं खेला था इसलिए वापस ढलने में हमेशा थोड़ा समय लगता है और जाहिर है कि पिछले 18 महीनों में खेल बहुत तेजी से आगे बढ़ा है।’
उन्होंने कहा, ‘जब वह पिछली बार गुजरात टाइटंस के लिए खेले थे तो पर्पल कैप विजेता थे, इसलिए मुझे लगता है कि उनके लिए चुनौती प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखना है। मुझे लगता है कि जब वह उस लंबाई पर गेंद डालते हैं तो वह अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर होते हैं और शायद इस बाद वह उस सर्वश्रेष्ठ स्तर पर नहीं थे जो हमने अतीत में देखा है।’
विटोरी ने कहा, ‘मुझे पता है कि उन्होंने असाधारण रूप से कड़ी मेहनत की थी और वह अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब थे। यह उनका सत्र नहीं था लेकिन ऐसा कोई कारण नहीं है कि वह एक गेंदबाज के रूप में अपने स्तर को देखते हुए वापसी ना कर सकें।’
शमी आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेले लेकिन इस दौरान वह लय में नहीं दिखे और 9 मैचों में सिर्फ 6 विकेट चटका पाए। उन्हें इंग्लैंड में होने वाली पांच मैच की आगामी टेस्ट श्रृंखला के लिए भी भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। विटोरी ने बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे की भी सराहना की जिन्होंने अंतिम चरण में एकादश में शामिल होने के बाद अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया।
दुबे ने तीन मैच में 19.60 के औसत से पांच विकेट चटकाए जिसमें नाइट राइडर्स के खिलाफ 34 रन पर तीन विकेट का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी शामिल है। विटोरी ने कहा, ‘टीम में आने के बाद से उसने (दुबे ने) जो कुछ किया उससे हम बहुत खुश हैं। वह बहुत चतुर गेंदबाज है, परिस्थितियों को अच्छी तरह समझता है, वह समझता है कि उसे कैसे गेंदबाजी करनी है।’
उन्होंने कहा, ‘उसके लिए सबसे अच्छी बात यह है कि अब से लेकर अगले आईपीएल तक वह बहुत सारा क्रिकेट खेलने वाला है, चाहे वह भारत ए के लिए हो या उसकी घरेलू टीम के लिए, उसके लिए बहुत सारे अवसर होने वाले हैं, इसलिए हमें विश्वास है कि वह एक गेंदबाज और एक बल्लेबाज के रूप में भी विकसित हो सकता है क्योंकि बल्लेबाजी वाला हिस्सा हमारे निर्णय लेने का एक बड़ा हिस्सा था।’ विटोरी ने कहा, ‘वह टूर्नामेंट में चोट (साइड-स्ट्रेन) के साथ आया।
यही कारण है कि वह काफी मैच नहीं खेल पाया। वह टूर्नामेंट में ब्रेक से ठीक पहले तैयार था इसलिए हमने अनुमान लगाया कि वह शायद आखिरी के पांच से छह मैचों में गेंदबाजी करेगा और ऐसा ही हुआ इसलिए यह पूरी तरह से चोट के कारण था।’ नीतीश कुमार रेड्डी मौजूदा सत्र में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए लेकिन विटोरी ने उनका भी बचाव किया।
उन्होंने कहा, ‘यह हमेशा मुश्किल होता है, वह भूमिका, नंबर चार या पांच पर खेलने आईपीएल में सबसे कठिन काम में से एक है। हम जानते हैं कि नितीश जब अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर होता है, तो खुद को मौका देता है, अपनी पारी बनाता है और फिर अंत में तेज और स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ फायदा उठा सकता है इसलिए मुझे लगता है कि यह उन सत्र में से एक है जो उसके लिए थोड़ा सीखने वाला है, लेकिन वह इतना अच्छा खिलाड़ी है कि वापसी कर सकता है।’