Trending

गद्दाफी स्टेडियम में कलंदर्स का परचम: क्वेटा को हराकर तीसरी बार बने पीएसएल चैंपियन

शाहीन शाह अफरीदी की लाहौर कलंदर्स ने चार साल में अपना तीसरा पाकिस्तान सुपर लीग जीता। रविवार की रात को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में लाहौर कलंदर्स ने क्वेटा ग्लैडिएटर्स को रोमांचक मैच में हराया।

साभार : गूगल

कलंदर्स ने अपना दूसरा सबसे बड़ा सफल लक्ष्य हासिल किया और एक गेंद शेष रहते 202 रनों के टारगेट को हासिल किया। टूर्नामेंट के 10 साल के इतिहास में इस्लामाबाद यूनाइटेड के बाद तीन पीएसएल खिताब लाहौर की टीम ने ही जीते हैं। लाहौर कलंदर्स ने 202 रनों का सफल लक्ष्य हासिल करके एक रिकॉर्ड भी बनाया। टी20 फाइनल में किसी टीम द्वारा हासिल किया गया ये सबसे बड़ा लक्ष्य है।

लाहौर कलंदर्स के लिए नाबाद 62 रनों की पारी खेलने वाले कुसल परेरा ने जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। दोनों ने 19 गेंदों पर 59 रनों की नाबाद साझेदारी की, जब कलंदर्स को 20 गेंदों पर 57 रनों की जरूरत थी।

सिकंदर रजा ने आखिरी ओवर में छक्का और फिर चौका लगाकर टीम को खिताबी जीत दिलाई। टूर्नामेंट की चैंपियन बनने पर लाहौर कलंदर्स को 5 लाख यूएस डॉलर यानी करीब सवा 4 करोड़ रुपये का इनाम प्राइज मनी के तौर पर मिला। वहीं, खिताबी मैच में मात झेलने वाली क्वेटा ग्लैडिएटर्स को 2 लाख यूएस डॉलर यानी करीब एक करोड़ 70 लाख रुपये का इनाम मिला।

फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच कुसल परेरा रहे। वहीं, बेस्ट बैटर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड क्वेटा ग्लैडिएटर्स के हसन नवाज ने जीता, जिन्होंने 12 मैचों में 399 रन बनाए। बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट अबरार अहमद बने, जिन्होंने 12 मैचों में 17 विकेट लिए।

मैच की बात करें तो क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 201 रन बनाए थे। हसन नवाज ने 76 और अविष्का फर्नांडो ने 29 रनों की पारी खेली थी। शाहीन शाह अफरीदी ने 3 और हारिस राउफ ने 2 विकेट निकाले थे।

वहीं, लाहौर कलंदर्स ने 19.5 ओवर में 6 विकेट शेष रहते 204 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। कुसल परेरा ने नाबाद 62 रन बनाए। मोहम्मद नईम ने 46 और अब्दुल्ला शफीक ने 41 रनों की पारी खेली। एक विकेट अबरार अहमद को मिला।