Trending

मुंबई इंडियंस को हराकर 11 साल बाद फाइनल में पहुंची पंजाब किंग्स

क्वालीफायर-2 में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर आईपीएल 2025 के फाइनल का टिकट कटा लिया है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस हारकर मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करके 204 रनों का टारगेट सेट किया था. इस टारगेट को पंजाब ने 19 ओवर में हासिल कर 5 विकेट से जीत दर्ज कर ली है.

पंजाब किंग्स ने 5 विकेट से जीता मैच

मुंबई इंडियंस के दिए 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया और 5 विकेट से जीत दर्ज की. पंजाब के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने 87 रन की नाबाद पारी खेली और अपनी टीम को फाइनल का टिकट दिलाया. पंजाब के लिए जोस इंग्लिस 21 गेंद पर 38 र, प्रियांश आर्या 10 गेंद पर 20 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, नेहाल वडेरा के बल्ले से भी 29 गेंदों पर 48 रनों की अहम पारी आई, जिसने पंजाब को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. 

श्रेयस अय्यर ने खेली कप्तानी पारी

पंजाब किंग्स की इस जीत के असली हीरो कप्तान श्रेयस अय्यर रहे, जिन्होंने तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई और फाइनल का टिकट दिलाया है. 11 सालों के बाद अय्यर की कप्तानी में पंजाब ने फाइनल के लिए क्वालीफाई कर दिया है. अय्यर ने 41 गेंदों पर 87 रनों की तूफानी पारी खेली. अय्यर ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 8 छक्के लगाए. 

मुंबई इंडियंस ने दिया था 204 रनों का लक्ष्य

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 203 रन बोर्ड पर लगाए. मुंबई की पारी की बात करें, तो रोहित शर्मा सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए. फिर दूसरे विकेट के लिए जॉनी बेयरस्टो और तिलक वर्मा ने अर्धशतकीय पार्टनरशिप कराई. बेयरस्टो 24 गेंद पर 38 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, तिलक वर्मा 29 गेंद पर 44 रन पर पवेलियन लौटे. सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंद पर 44 रन पारी खेली. कप्तान हार्दिक पांड्या ने 13 गेंद पर 15 रन बनाए. नमन धिर ने 37 रन बनाए और आखिर में राज बावा 8 रन पर नाबाद लौटे. इस तरह मुंबई ने 6 विकेट गंवाकर 203 रन बोर्ड पर लगाए.