Trending

पीकेएल नीलामी में नहीं मिला खरीददार, परदीप नरवाल ने कबड्डी को कहा अलविदा

परदीप नरवाल ने सोमवार को अपने संन्यास का ऐलान किया। मुंबई में हुए पीकेएल 2025 की नीलामी में कोई टीम उन्हें नहीं खरीदा। बता दें कि परदीप नरवाल प्रो कबड्डी लीग के सबसे सफल रेडर में से एक हैं।

साभार : गूगल

तीन बार प्रो कबड्डी चैंपियन रह चुके परदीप ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि कम से कम एक टीम उन पर बोली लगाएगी। परदीप ने कहा, “सच कहूं तो उस वक्त मुझे ज़्यादा कुछ महसूस नहीं हुआ। मैंने सोचा था कि कोई न कोई टीम जरूर खरीदेगी।” हालांकि उन्होंने माना कि पिछले कुछ सीजन में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।

उन्होंने आगे कहा, “जब मैं पटना के लिए खेलता था, तब मैं 200-300 प्वाइंट्स बनाता था। अब तो 111 या 122 भी कम लगते हैं। मैं हर मैच में 15-16 प्वाइंट्स बनाना चाहता था, सिर्फ 3-4 नहीं।” अब जब वह खेल से संन्यास ले चुके हैं, तो उन्होंने बताया कि आगे वह कोचिंग में हाथ आजमाएंगे।

परदीप को प्रो कबड्डी के इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। उन्होंने कबड्डी को देशभर में लोकप्रिय बनाने में बड़ा योगदान दिया। उन्होंने पटना पाइरेट्स को लगातार तीन सीजन (सीजन 3 से 5) में चैंपियन बनाया। वह पीकेएल में 1000 और 1500 रेड प्वाइंट्स पार करने वाले पहले खिलाड़ी बने।

भारत के लिए खेलते हुए उन्होंने 2016 कबड्डी वर्ल्ड कप, 2017 एशियन कबड्डी चैंपियनशिप और 2018 दुबई कबड्डी मास्टर्स जीते। उनकी खास चाल ‘डुबकी’ की वजह से उन्हें प्यार से डुबकी किंग कहा जाता है। उन्होंने कुल 190 मैचों में 1801 रेड प्वाइंट्स लेकर प्रो कबड्डी के सबसे सफल रेडर के रूप में संन्यास लिया।

सीजन 4 और 5 में उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर चुना गया था। उनका सबसे यादगार रेड पीकेएल 5 में हरियाणा स्टीलर्स के खिलाफ हुआ, जब उन्होंने एक ही रेड में 8 प्वाइंट्स लेकर पूरी टीम को आउट कर दिया था।

उस मैच में उन्होंने अकेले 34 रेड प्वाइंट्स बनाए थे। सीजन 5 उनका सबसे शानदार सीजन रहा, जिसमें उन्होंने 369 रेड सीजन बनाए , जो पीकेएल के एक सीजन में किसी भी खिलाड़ी द्वारा सबसे ज़्यादा है। पटना पाइरेट्स के अलावा परदीप ने बेंगलुरु बुल्स और यूपी योद्धा के लिए भी खेला है।